पूर्व मिदनापुर, 20 अप्रैल । पश्चिम बंगाल के समुद्री पर्यटन स्थल स्थित दीघा जगन्नाथ मंदिर में पहली वर्षगांठ से पहले ही रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। मंदिर के उद्घाटन के बाद से अब तक लगभग एक करोड़ 33 लाख से अधिक भक्त यहां दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं। वर्षगांठ से पहले इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने से मंदिर प्रबंधन ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
उल्लेखनीय है कि इस मंदिर का उद्घाटन 30 अप्रैल 2025 को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने किया था। उद्घाटन के बाद से ही देश-विदेश के श्रद्धालुओं का यहां लगातार आगमन हो रहा है। भारत के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंच रहे हैं, जिससे दीघा के पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय परिवर्तन देखा जा रहा है।
वर्तमान में इस्कॉन कोलकाता इस मंदिर के संचालन की जिम्मेदारी संभाल रहा है। संस्था के अधिकारी राधारमण दास ने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लोगों की गहरी आस्था का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि दीघा का जगन्नाथ मंदिर अब एक आध्यात्मिक मिलन स्थल के रूप में उभर कर सामने आया है और इससे लाखों छोटे व्यापारियों को आजीविका के नए अवसर भी मिले हैं।
राधारमण दास ने कहा कि एक वर्ष के भीतर ही यह मंदिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अच्छी पहचान बना चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्षगांठ समारोह के अवसर पर श्रद्धालुओं की संख्या और अधिक बढ़ेगी।
मंदिर की वर्षगांठ के अवसर पर विशेष पूजा और यज्ञ का आयोजन किया गया है। सूत्रों के अनुसार, इस दिन मंदिर में गौर-निताई की नई प्रतिमा की स्थापना भी की जा सकती है। हालांकि चुनावी व्यस्तताओं के कारण मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस कार्यक्रम में उपस्थित नहीं रह सकेंगी।
इधर, श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में प्रशासन की ओर से कड़ी निगरानी रखी जा रही है। साथ ही यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की गई है।
वर्षगांठ से पहले दीघा जगन्नाथ मंदिर में 1.33 करोड़ भक्तों का रिकॉर्ड





