ढाका, 12 फरवरी (एजेंसी)। बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव और राष्ट्रीय जनमत संग्रह के लिए जारी मतदान के दौरान देश के कई हिस्सों से हिंसा और बम विस्फोट की खबरें सामने आई हैं। मुंशीगंज और गोपालगंज में हुए धमाकों में कई लोग घायल हो गए, जबकि राजधानी ढाका के मीरपुर इलाके में राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच झड़प की सूचना मिली है। रिपोर्ट के अनुसार मुंशीगंज सदर उपजिला के मखाती गुरुचरण हाईस्कूल मतदान केंद्र पर सुबह करीब 10 बजे दो उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच विवाद हुआ, जिसके दौरान देसी बम से विस्फोट किया गया। सदर थाना प्रभारी मोहम्मद मोमिनुल इस्लाम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है। ढाका के मीरपुर-10 संसदीय क्षेत्र में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और जमात समर्थकों के बीच भिड़ंत हुई। इसी सीट से जमात प्रमुख शफिकुर रहमान चुनाव लड़ रहे हैं, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक तनाव बढ़ गया। इसके अलावा गोपालगंज सदर के रेशमा इंटरनेशनल स्कूल मतदान केंद्र पर सुबह करीब 9:30 बजे एक देसी बम फेंका गया। इस धमाके में अंसार के दो सदस्य सुकोंथा मजूमदार और जमाल हुसैन समेत एक मतदाता की 14 वर्षीय बेटी अमीना खानम घायल हो गईं। धमाके से मतदान केंद्र के मुख्य द्वार को भी नुकसान पहुंचा। प्रशासन ने घटनाओं के बाद सुरक्षा बढ़ा दी है और मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से जारी रखने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार सभी घटनाओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बांग्लादेश में मतदान के दौरान बम विस्फोट और समर्थकों में झड़प





