सीवान, 02 सितंबर । भारतीय जनता पार्टी ने सीवान के पूर्व सांसद ओम प्रकाश यादव के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
भाजपा बिहार प्रदेश के प्रदेश मुख्यालय प्रभारी अक्षय कुमार की ओर से जारी पत्र में पूर्व सांसद पर पार्टी नेताओं के विरुद्ध मीडिया में अनर्गल बयान देने का आरोप लगाया गया है। पार्टी ने उनके इस कृत्य को दल विरोधी और पार्टी अनुशासन के विरुद्ध करार देते हुए छह दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है।
भाजपा के प्रदेश मुख्यालय से जारी पत्र में कहा गया है कि ओम प्रकाश यादव द्वारा पार्टी के नेताओं के विरुद्ध मीडिया में दिए जा रहे बयानों से पार्टी की छवि धूमिल हुई है। पत्र में स्पष्ट रूप से पूछा गया है कि उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों नहीं की जाए। इस नोटिस के बाद भाजपा के अंदर सीवान की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पार्टी नेतृत्व की इस कार्रवाई को पूर्व सांसद के हालिया बयानों को लेकर संगठन की नाराजगी के तौर पर देखा जा रहा है।
खास बात यह है कि भाजपा ने सामान्य चेतावनी देने के बजाय सीधे कारण बताओ नोटिस जारी कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की संभावना भी सामने रख दी है। अब सबकी निगाहें ओम प्रकाश यादव के जवाब पर टिकी हैं। छह दिनों के भीतर दिए जाने वाले उनके स्पष्टीकरण से यह स्पष्ट होगा कि वह पार्टी नेतृत्व के आरोपों पर क्या सफाई देते हैं।
राजनीतिक गलियारों में इस नोटिस को सीवान भाजपा की अंदरूनी राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। यदि पूर्व सांसद का जवाब पार्टी नेतृत्व को संतोषजनक नहीं लगा, तो उनके खिलाफ अगला कदम क्या होगा, इसे लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
भाजपा ने पूर्व सांसद ओम प्रकाश यादव को थमाया कारण बताओ नोटिस, छह दिन में मांगा जवाब






