युद्ध के साये में रोजगार की पुकार,इजराइल में 3500 पदों पर भर्ती,क्या जोखिम पर भारी है लाखों का पैकेज?
मुकेश कुमार/ब्यूरो चीफ
पटना(बिहार)।एक ओर जहां दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध की विभीषिका ने चिंता बढ़ा दी है और केंद्र सरकार अक्सर भारतीय नागरिकों को संघर्ष वाले क्षेत्रों में जाने से पहले पूरी सावधानी बरतने की सलाह देती है,वहीं दूसरी ओर रोजगार की तलाश बिहार के युवाओं को सात समंदर पार ले जा रही है।बिहार सरकार के युवा,रोजगार एवं कौशल विकास विभाग (जिला नियोजनालय, जमुई)द्वारा जारी एक ताजा प्रेस नोट ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है।
•भर्ती का विवरण: ₹2 लाख तक का वेतन
अधिसूचना के अनुसार, 'बिहार राज्य समुद्रपार नियोजन ब्यूरो' के माध्यम से इजराइल में होम-आधारित देखभालकर्ता(Home Based Caregiver)के 3500 रिक्त पदों पर भर्ती निकाली गई है।इस नौकरी की सबसे बड़ी विशेषता इसका आकर्षक वेतन है।
•सैलरी: 6443.85 NIS (लगभग ₹1,99,770 प्रति माह)।
लिंग आरक्षण: 90% पद महिलाओं के लिए और 10% पुरुषों के लिए आरक्षित हैं।
कार्य दिवस: सप्ताह में 6 दिन।
योग्यता और शर्तें
इस पद के लिए आवेदन करने हेतु उम्मीदवारों की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए।साथ ही, आवेदक के पास कम से कम 990 घंटे का देखभाल (Caregiving)कोर्स या नर्सिंग/फिजियोथेरेपी में डिप्लोमा होना अनिवार्य है।
युद्ध का खतरा बनाम आजीविका का संकट
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्रालय ने समय-समय पर युद्धग्रस्त या तनावपूर्ण क्षेत्रों में जाने वाले भारतीयों के लिए सुरक्षा परामर्श (Advisory)जारी किए हैं। इजराइल में वर्तमान भू-राजनीतिक स्थिति किसी से छिपी नहीं है।ऐसे में यह सवाल उठना लाजिमी है कि क्या सुरक्षा के ऊपर आर्थिक मजबूरी भारी पड़ रही है?
विशेषज्ञों का मानना है कि सरकारी माध्यम (नियोजनालय)से होने वाली ये भर्तियाँ सुरक्षित प्रोटोकॉल के तहत होती हैं, लेकिन युद्ध के अनिश्चित माहौल में जाना एक बड़ा व्यक्तिगत निर्णय है।
आवेदन की अंतिम तिथि
इच्छुक अभ्यर्थी इस भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए जिला नियोजनालय-सह-उत्प्रवासी संसाधन केंद्र,जमुई कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 27 मई 2026 निर्धारित की गई है।
सावधानी की सलाह:
आवेदकों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी विदेशी रोजगार पर जाने से पहले सरकारी दिशानिर्देशों,बीमा और सुरक्षा शर्तों को अच्छी तरह समझ लें।





