BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के जाली दस्तखत से फर्जी लेटर का मामला: FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई के निर्देश


मुकेश कुमार-स्टेट ब्यूरो चीफ

पटना/नई दिल्ली।केंद्रीय पंचायती राज,मत्स्यपालन,पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के नाम और फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर एक जाली पत्र तैयार करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय मंत्री ने पशुपालन एवं डेयरी विभाग,बिहार के सचिव को पत्र लिखकर प्राथमिकी दर्ज कराने और जांच कर दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

•व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए रची गई साजिश•

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने अपने आधिकारिक लेटरहेड पर 12 सितंबर 2026 को जारी पत्र में स्पष्ट किया है कि मंत्री, डेयरी विभाग,बिहार को प्रेषित एक पत्र उनके संज्ञान में आया है।यह पत्र पूरी तरह से फर्जी है और इस पर किए गए दस्तखत भी जाली हैं। उन्होंने कहा कि न तो उन्होंने ऐसा कोई पत्र लिखा है और ना ही वे इस पत्र के तथ्यों से अवगत हैं।मंत्री ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति या समूह ने अपने व्यक्तिगत हित साधने के उद्देश्य से उनके नाम और फर्जी दस्तखत का सहारा लेकर बिहार के मंत्री को फर्जी पत्र भेजा है।
•कार्रवाई की मांग•

दूरभाष पर हुई वार्ता का हवाला देते हुए केंद्रीय मंत्री ने बिहार सरकार के पशुपालन एवं डेयरी सचिव को स्पष्ट रूप से लिखा है कि ऐसे असामाजिक एवं धोखाधड़ी करने वाले तत्वों के खिलाफ अविलंब एफआईआर दर्ज की जाए और मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।