आयुक्त, कोल्हान प्रमंडल ने जमशेदपुर समाहरणालय में SIR-2026 के तहत DEO स्तर पर दस्तावेज सत्यापन कार्य का लिया जायजा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत संचालित दावा-आपत्ति एवं सत्यापन प्रक्रिया के क्रम में कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त श्री रवि रंजन कुमार विक्रम ने जमशेदपुर समाहरणालय में जिला निर्वाचन पदाधिकारी स्तर पर किए जा रहे दस्तावेज सत्यापन कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने SIR-2026 के तहत DEO स्तर पर प्राप्त प्रकरणों, संलग्न दस्तावेजों के सत्यापन तथा अब तक की गई कार्रवाई से संबंधित जानकारी आयुक्त को दी। आयुक्त ने सत्यापन प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
आयुक्त ने निर्देश दिया कि SIR-2026 के तहत प्राप्त दस्तावेजों एवं संबंधित अभिलेखों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप सावधानीपूर्वक सत्यापन किया जाए। सत्यापन के दौरान तथ्यों एवं दस्तावेजों की समुचित जांच के साथ निष्पक्षता एवं पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखने को कहा गया। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता के अनुसार संबंधित मतदाताओं को प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर ईआरओ सह अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम श्री अर्नव मिश्रा, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती प्रियंका सिंह सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।





