धोरैया पुलिस को बड़ी कामयाबी,चेकिंग के दौरान 5 किलो गांजा बरामद,तीन अंतरजिला तस्कर गिरफ्तार
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
बांका।नशे के कारोबार के खिलाफ बांका पुलिस ने एक बार फिर कड़ा प्रहार किया है।धोरैया थाना पुलिस ने मन्नीहाट चौक के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाकर 5 किलो 200 ग्राम गांजा के साथ तीन शातिर तस्करों को रंगे हाथ दबोचा है।पकड़े गए तस्कर बाइक के जरिए नशे की इस बड़ी खेप को खपाने की योजना बना रहे थे।
संदिग्ध गतिविधियों ने खोला राज
बांका एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि धोरैया थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मन्नीहाट चौक पर रूटीन चेकिंग कर रही थी।इसी दौरान नवादा-धोरैया मुख्य मार्ग पर एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवक पुलिस को देखकर सकपका गए।उनकी संदिग्ध गतिविधियों को भांपते हुए पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर उन्हें रोका।तलाशी के दौरान पुलिस को बाइक सवारों के पास से चार पैकेट मिले।जब इन्हें खोला गया,तो पुलिस के भी होश उड़ गए।इन पैकेटों में कुल 5 किलो 200 ग्राम गांजा भरा हुआ था।पुलिस ने तत्काल मादक पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक को जब्त कर लिया।
["पुलिस प्रशासन नशे के अवैध कारोबार को जड़ से मिटाने के लिए प्रतिबद्ध है।पकड़े गए तस्करों से पूछताछ की जा रही है ताकि गिरोह के मुख्य सरगना तक पहुंचा जा सके।"-उपेंद्रनाथ वर्मा,एसपी,बांका]
पुलिस द्वारा पकड़े गए तीनों आरोपी अलग-अलग जिलों और क्षेत्रों के बताए जा रहे हैं,जो एक संगठित अंतरजिला गिरोह का हिस्सा हैं।
जेल भेजे गए आरोपी,'बैकवर्ड लिंकेज' की तलाश जारी
धोरैया पुलिस ने इस मामले में NDPS एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में बांका जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। तस्करों के मोबाइल कॉल डिटेल्स के जरिए उनके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं।





