बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: SDPO और DRDA निदेशक के 12 ठिकानों पर EOU की छापेमारी
मुकेश कुमार
पटना(बिहार ब्यूरो)।मंगलवार को बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाते हुए आर्थिक अपराध इकाई(EOU)ने आज बड़ी कार्रवाई की है। आय से अधिक संपत्ति (DA)के मामले में ईओयू की टीम ने एक अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO)और एक DRDA निदेशक के कुल 12 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है।
•इन अधिकारियों पर गिरी गाज•
आर्थिक अपराध इकाई द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार,जिन दो अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, उनके नाम और पद इस प्रकार हैं:
श्री गौतम कुमार: अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO),किशनगंज।
श्री वैभव कुमार: निदेशक, DRDA,सहरसा।
छापेमारी का मुख्य कारण
जांच के दौरान दोनों अधिकारियों के पास उनकी वैध आय से कहीं अधिक संपत्ति होने के पुख्ता प्रमाण मिले हैं।
गौतम कुमार (SDPO): इनके पास ज्ञात आय से लगभग ₹1,94,09,244 (60.27%)अधिक संपत्ति होने का प्राथमिक साक्ष्य मिला है। इनके पटना, पूर्णिया और किशनगंज स्थित 06 ठिकानों पर छापेमारी चल रही है।
वैभव कुमार (निदेशक, DRDA): इनके पास ज्ञात आय से लगभग ₹2,41,14,000 (78.03%)अधिक संपत्ति पाई गई है।इनके सहरसा और मुजफ्फरपुर स्थित 06 ठिकानों पर सुबह से ही तलाशी जारी है।
•कानूनी प्रक्रिया और टीम•
EOU ने इन दोनों अधिकारियों के खिलाफ 29 मार्च 2026 को ही प्राथमिकी(FIR)दर्ज कर ली थी।इसके बाद पटना की विशेष निगरानी अदालत से तलाशी वारंट प्राप्त कर आज सुबह से कार्रवाई शुरू की गई। छापेमारी का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक,वरीय पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी कर रहे हैं।
EOU का बयान: "विस्तृत सूचना और बरामदगी का ब्यौरा तलाशी की कार्रवाई पूरी होने के बाद साझा किया जाएगा।"
इस कार्रवाई से प्रशासनिक गलियारे में हड़कंप मच गया है।भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।





