BREAKING NEWS

logo

पलामू एसपी के निर्देश बच्ची के लिए पुलिसकर्मी संतोष सिंह ने किया रक्तदान


पलामू एसपी के निर्देश बच्ची के लिए पुलिसकर्मी संतोष सिंह ने किया रक्तदान

पलामू: मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए पुलिस विभाग ने एक बार फिर जरूरतमंद परिवार की मदद के लिए सराहनीय पहल की है। जानकारी के अनुसार मुन्ना गोप की 3 वर्षीय बच्ची गंभीर बीमारी थैलेसीमिया से पीड़ित है। इस बीमारी के कारण बच्ची के शरीर में पर्याप्त मात्रा में रक्त नहीं बन पाता है, जिसके चलते उसे समय-समय पर रक्त की आवश्यकता पड़ती रहती है।
बताया गया कि बच्ची के पिता द्वारा इस संबंध में पुलिस अधीक्षक महोदया ऋष्मा रमेशन से मदद की गुहार लगाई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक महोदया ने तुरंत सहायता का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक के आदेश के आलोक में पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची के लिए एक यूनिट रक्तदान की व्यवस्था कराई। इस पुनीत कार्य में संतोष कुमार सिंह, जो शहर थाना में प्रतिनियुक्त हैं, ने आगे बढ़कर रक्तदान किया और बच्ची के उपचार में सहयोग देकर मानवीय संवेदना का परिचय दिया।
इस सराहनीय कार्य की स्थानीय लोगों और बच्ची के परिजनों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। लोगों ने कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के दुख-सुख में भी बराबरी से खड़ी रहती है।
ऐसे मानवीय कार्यों से पुलिस और आमजन के बीच विश्वास का संबंध और भी मजबूत होता है।