विधायक प्रकाश राम ने किया संबोधित
बालूमाथ। रामनवमी के अवसर पर बालूमाथ में दशमी के दिन भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान निकले जुलूस और झांकियों ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लातेहार विधायक प्रकाश राम ने कहा कि भगवान राम हम सभी के आदर्श हैं और आज समाज को उनके पदचिह्नों पर चलने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज के हित में यदि कोई कुर्बानी देनी पड़ी, तो वे इसके लिए सदैव तैयार रहेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भव्य राम मंदिर बनकर तैयार हुआ है, जो पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।कार्यक्रम में रामनवमी पूजा समिति के अध्यक्ष रोशन साहू ने मुख्य अतिथि विधायक प्रकाश राम का गमछा, पगड़ी और तलवार देकर भव्य स्वागत व सम्मान किया।वही मंच को सम्बोधित करते हुए समाजसेवी शैलेश सिंह ने समाज की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि धार्मिक और सामाजिक एकता ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है। वहीं भाजपा नेताओं ने भी अपने विचार रखे। निर्मल सिंह ने कहा कि स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद साहू के योगदान के कारण ही बालूमाथ में रामनवमी आज इतने भव्य रूप में मनाई जा रही है।मौके पर विभिन्न अखाड़ों और टीमों ने एक से बढ़कर एक आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं। इनमें बड़का बालूमाथ द्वारा कांवड़ शिव डांस, हरिजन टोला द्वारा सीता हरण, टमटम टोला द्वारा राम जी की कुटिया, चट्टी टोला द्वारा अघोरी डांस तथा महावीर मंडल कमेटी द्वारा भगवान विष्णु राक्षस वध की झांकी ने लोगों का मन मोह लिया।कार्यक्रम के अंत में बेहतरीन साउंड, झांकी और अनुशासन का प्रदर्शन करने वाली टीमों को शील्ड देकर सम्मानित किया गया। इसमें बड़का बालूमाथ को प्रथम, टमटम टोला को द्वितीय, अंबेडकर नगर हरिजन टोला को तृतीय तथा चट्टीटोला, मुरपा मोड़ व टमटमटोला को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। पूरे आयोजन में भारी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही और माहौल जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजता रहा। वहीं मंच का संचालन सुरेंद्र गुप्ता एवं विशाल कुमार उर्फ गोलू ने किया ।मौके पर जिप उपाध्यक्ष अनीता देवी,समाजसेवी कृष्ण यादव,रीना देवी,विवेक सिंह अरुण साव,मनोहर साव,नामेश्वर साव,प्रवीण सिंह,ममता देवी,सुनील पांडे,त्रिवेणी साव,भुनेश्वर साहू,संजय यादव,रौशन यादव,गंगेश्वर यादव,सुजीत सिंह,रामनाथ सिंह,गोविंद कुमार,दिवाकर प्रसाद,अमन कुमार,दीपक कुमार,विनोद साव, पंकज सिन्हा समेत कई लोग उपस्थित थे ।





