शांति, सौहार्द और कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ रामनवमी पर्व, पलामू पुलिस की भूमिका रही अहम
शांति, सौहार्द और कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ रामनवमी पर्व, पलामू पुलिस की भूमिका रही अहम
मुस्लिम समुदाय ने मिलन समारोह कर पेश की गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल, पुलिस-प्रशासन व पूजा समितियों का किया सम्मान
कमरुद्दीन अंसारी
मेदिनीनगर: रामनवमी पर्व 2026 को पलामू जिले में इस बार भी शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने में पलामू पुलिस की भूमिका बेहद अहम रही। पूरे जिले और प्रमंडल क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिसके कारण पर्व के दौरान कहीं से भी किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
पर्व के दौरान जिले के विभिन्न इलाकों में जुलूस, अखाड़ा प्रदर्शन, शोभायात्रा और धार्मिक आयोजन बड़े उत्साह के साथ आयोजित किए गए। इन आयोजनों के बीच विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी, लेकिन पलामू पुलिस ने मुस्तैदी, समन्वय और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
पुलिस कप्तान के नेतृत्व में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी गई। मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने जवानों के साथ लगातार गश्ती कर कानून-व्यवस्था को बनाए रखा। वहीं टीओपी-1 के प्रभारी इंद्र देव पासवान ने अपनी टीम के साथ बेहतर तालमेल दिखाते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया। टीओपी-2 के प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने भी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पूरी तत्परता से ड्यूटी निभाई।
इसी तरह, संवेदनशील माने जाने वाले चैनपुर थाना क्षेत्र में भी पुलिस प्रशासन ने प्रभावी निगरानी रखी। थाना प्रभारी श्री राम शर्मा ने अपने क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहकर रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सदर थाना क्षेत्र में भी कई बड़े आयोजन हुए, जहां भारी भीड़ उमड़ी। इसके बावजूद पुलिस की सक्रियता और सतर्कता के कारण कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की खबर सामने नहीं आई। इसे पलामू पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
रामनवमी जैसे बड़े पर्व के दौरान डीजे, जुलूस, भीड़ नियंत्रण और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना प्रशासन के लिए आसान कार्य नहीं होता, लेकिन इस बार पलामू पुलिस ने जिस तरह से हर मोर्चे पर सजगता दिखाई, उसकी हर ओर सराहना हो रही है।
इसी क्रम में मेदिनीनगर शहर थाना परिसर में मुस्लिम समुदाय की ओर से मिलन समारोह सह सम्मान समारोह का आयोजन कर गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की गई। इस अवसर पर महावीर नवयुवक दल (जेनरल) सहित विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारियों, संरक्षकों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। साथ ही पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, थाना प्रभारियों और ड्यूटी में तैनात जवानों को भी सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया गया।
इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि पलामू की पहचान केवल धार्मिक आयोजनों से नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे से भी है। रामनवमी पर्व के सफल आयोजन में जहां एक ओर पुलिस-प्रशासन की सजगता दिखी, वहीं दूसरी ओर समाज के सभी वर्गों की सहभागिता ने जिले में सामाजिक एकता को और मजबूत किया।




