BREAKING NEWS

logo

एआई सेवक है, मालिक नहीं : सरयू राय


पूर्वी सिंहभूम, 30 मार्च | जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को लेकर स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि एआई एक उपयोगी साधन है,लेकिन इसे कभी भी मानव का मालिक या मार्गदर्शक नहीं बनने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि एआई को सेवक की तरह इस्तेमाल करना ही समझदारी है,क्योंकि यदि इसे निर्णयकर्ता बना दिया गया तो यह समस्याओं का कारण बन सकता है।

सोमवार को साकची स्थित एक डिजिटल शिक्षण संस्थान के उद्घाटन के अवसर पर संबोधित करते हुए सरयू राय ने तकनीकी युग में एआई की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज का समय तकनीकी विकास का है और ऐसे में बच्चों को एआई की सही जानकारी देना बेहद जरूरी है। जब विद्यार्थी एआई को समझेंगे, तभी वे अपनी क्षमता को और बेहतर ढंग से विकसित कर पाएंगे।

उन्होंने बताया कि इस डिजिटल संस्थान में विद्यार्थियों को एआई की विशेषताओं और उसके उपयोग के बारे में विस्तार से पढ़ाया जाएगा। इसके लिए रांची स्थित Institute of Science and Management के साथ समझौता किया गया है, जिसके तहत साकची में इस संस्थान को एक अध्ययन केंद्र के रूप में शुरू किया गया है।

सरयू राय ने यह भी कहा कि एआई को लेकर समाज में जितनी चर्चा हो रही है,उससे कई बार लोगों में अनावश्यक भय पैदा हो जाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि एआई को केवल एक औजार या इंस्ट्रूमेंट के रूप में देखें और उसके उपयोग में दक्ष बनें,ताकि इसका लाभ समाज और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर तरीके से मिल सके।