बिहार में 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान,विकास और कायाकल्प पर रहेगा जोर
मुकेश कुमार-स्टेट ब्यूरो चीफ
पटना।बिहार सरकार राज्य में जनभागीदारी और बुनियादी सुविधाओं के सुधार के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा संकल्प अभियान' आयोजित करने जा रही है।इसके साथ ही,राज्यभर में पुरानी परिसंपत्तियों की मरम्मत और नई आधारभूत संरचनाओं के निर्माण के लिए 'सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान' 17 सितंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक चलाया जाएगा।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
•अभियान की मुख्य बातें और कार्यक्रम•
•13 प्रमुख कार्यक्रम•
महीने भर चलने वाले इस अभियान में 'आशीर्वाद का दीया', 'सेवा क्षेत्र' (चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता),'सेवा स्मरण'(नुक्कड़ नाटक), 'आंगन का मिलन', 'कहानी बदलाव की',और 'सेवा ज्योति यात्रा' जैसे 13 विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
•जनसमस्याओं का निवारण•
6 अक्टूबर को 'सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार' के तहत सभी प्रखंड स्तरों पर शिविर लगाए जाएंगे, जहां समस्याओं का त्वरित निष्पादन होगा।
•समय-सीमा का निर्धारण•
पुरानी परिसंपत्तियों की मरम्मत(साफ-सफाई, रंग-रोगन आदि)30 नवंबर 2026 तक तथा नए निर्माण कार्य 31 मार्च 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है।
•स्थानीय विकास•
प्रत्येक पंचायत से 10 प्राथमिक विकास योजनाओं को चिह्नित कर उनका कायाकल्प किया जाएगा।दीपावली से पूर्व आंगनवाड़ी केंद्रों,स्कूलों और हेल्थ सेंटरों की मरम्मत व रंगाई-पुताई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।बैठक के दौरान निर्देश दिया गया कि सभी प्रभारी मंत्री और जिलाधिकारी 30 दिनों का विस्तृत कैलेंडर तैयार कर विकास और जनसेवा के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराएं।






