बालिका समानता का सन्देश, अंतर्राष्ट्रीय बेटी दिवस के अवसर पर मिक्स जेंडर क्रिकेट पर आधारित उपन्यास
पटमदा / जमशेदपुर : समाज में बेटियों के प्रति प्रेम, सम्मान, सुरक्षा और समान अधिकार दिलाने के उद्देश्य से सितंबर के आखिरी सप्ताह (रविवार) में अंतर्राष्ट्रीय बेटी दिवस मनाया जाता है। अंतर्राष्ट्रीय बेटी दिवस के अवसर पर एस एस +2 उच्च विद्यालय, पटमदा में जेंडर समानता जागरूकता कार्यशाला एवं मिक्स जेंडर क्रिकेट मैत्री मैच आयोजित कर समाज में बेटों की तरह बेटियों को भी समान अवसर व अधिकार दिलाने का संकल्प लिया गया। झारखंड के पटमदा, बोड़ाम, घाटशिला और तमाड़ के कई गांवों में मिक्स जेंडर क्रिकेट के माध्यम से बेटा-बेटियों के प्रति समानता का सामाजिक देने का प्रयास सामाजिक भागीदारी से लगातार जारी है। मिक्स जेंडर क्रिकेट खेल के माध्यम से समाज में बालक-बालिका समानता लाने का एक महत्वाकांक्षी अभियान है, जिसकी शुरुआत 2018 में झारखंड के धरती से ही हुई थी। जिसे महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर की भी सराहना प्राप्त हुई थी। जिसके बाद यह खेल भारत के कई राज्यों समेत दुनिया के कई हिस्सों में भी पहुंच गया।
मिक्स जेंडर क्रिकेट का प्रभाव केवल खेल के मैदान तक ही सीमित नहीं रहता। खेल के दौरान ऐसा सकारात्मक वातावरण तैयार होता है जिसमें बच्चों और समुदाय के साथ उन मुद्दों पर बातचीत करना आसान हो जाता है जिन पर सामान्य परिस्थितियों में बात करना कठिन होता है—माहवारी स्वच्छता, जेंडर जागरूकता, महिला सम्मान, शिक्षा, करियर, पर्यावरण और सामाजिक एकता जैसे विषय। पिछले 8-9 वर्षों के प्रयास में बाद अब मिक्स जेंडर क्रिकेट को लेकर धीरे-धीरे बेहतर माहौल तैयार हुआ है, अब यह अभियान तेजी से आगे बढ़ सकता है। मिक्स जेंडर क्रिकेट का आयोजन सीमित संसाधनों के साथ सामाजिक भागीदारी से लगातार किया जा रहा है। जिसमें बोड़ाम, पटमदा, गालूडीह और तमाड़ के लगभग 30 से ज्यादा गांवों के बच्चे व युवा जुड़े हुए है। हर वर्ष नए बच्चे अभियान में जुड़ते जाते हैं।
मिक्स जेंडर क्रिकेट मैत्री मैच के दौरान नन्हें क्रिकेटरों ने मिक्स जेंडर क्रिकेट से आ रहे सामाजिक बदलावों पर आधारित उपन्यास "पूरी पिच तुम्हारी, पूरी पिच हमारी" के आमुख पृष्ठ का विमोचन किया । झारखंड के पैडमैन के नाम से चर्चित सामाजिक कार्यकर्ता व सामाजिक संस्था निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक तरुण कुमार ने बताया कि मिक्स जेंडर क्रिकेट की शुरुआत खेल के माध्यम से समाज में बालक - बालिका व जेंडर समानता लाने की सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया था। अभियान के जमीनी परिणाम बेहद ही उत्साहवर्धक है। मिक्स जेंडर क्रिकेट पर आधारित उपन्यास "पूरी पिच तुम्हारी, पूरी पिच हमारी" को फ्यूचर बायोग्राफी शैली में लिखा गया है, जिसमें खेल के मैदान पर सक्रिय ग्रामीण बच्चों के अनुभवों से प्रेरित कहानी, मिक्स जेंडर क्रिकेट की शुरुआत से लेकर आगामी भविष्य में सामाजिक स्तर पर आने वाले संभावित सकारात्मक परिणामो की कल्पना की गई है। पुस्तक का प्रकाशन 2027 के शुरुआती महीनों में प्रस्तावित है। उपन्यास का अंग्रेजी संस्करण "Equal Crease"होगा।
उपन्यास के माध्यम से मिक्स जेंडर क्रिकेट व खेल के मैदान पर लड़कियों की भागीदारी बढ़ाने के व्यापक संदेश को समाज के बड़े तबके तक पहुंचाने की कोशिश है। उपन्यास का प्री-ऑर्डर कर पाठक सामाजिक अभियान को मजबूती दे सकते है। पुस्तक का अनुमानित मूल्य 299 रुपये है। प्री ऑर्डर कर पुस्तक के निर्माण प्रकिया और मिक्स जेंडर क्रिकेट टूर्नामेंट के आगामी संस्करणों के आयोजन के सहभागी बन सकते है। उपन्यास को प्री ऑर्डर करने हेतु दूरभाष संख्या +91-9470381724 पर संपर्क किया जा सकता है।
उपन्यास "पूरी पिच तुम्हारी, पूरी पिच हमारी" के आमुख पृष्ठ विमोचन के मौके पर मिक्स जेंडर टीम कैप्टन सलीमा टेटे एकादश, धनुर्धर दीपिका कुमारी एकादश के बाल खिलाड़ी, एस एस +2 उच्च विद्यालय, पटमदा के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार, बोड़ाम क्रिकेट कमिटी के वृंदावन महतो, जेंडर कार्यकर्ता सोमाय लोहार एवं पटमदा के विभिन्न गांवों के लगभग 60 बच्चे उपस्थित थे।






