BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

विधायक सरयू राय से मिला पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन का प्रतिनिधिमंडल, जयपुर रेल सेवा पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा


जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन का एक प्रतिनिधिमंडल आज जमशेदपुर पश्चिम के विधायक श्री सरयू राय से उनके आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने श्री राय को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका सम्मान किया तथा उनके कुशलक्षेम की जानकारी ली। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से श्री सरयू राय अस्वस्थ चल रहे थे और जमशेदपुर लौटने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इस अवसर पर जमशेदपुर जुगसलाई क्षेत्र से पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन, जुगसलाई शाखा के नव निर्वाचित अध्यक्ष संजय कसेरा ने श्री सरयू राय से आशीर्वाद प्राप्त किया। विधायक श्री राय ने नव निर्वाचित अध्यक्ष का अभिनंदन एवं स्वागत किया तथा उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुलाकात के दौरान पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन की ओर से टाटानगर से जयपुर तक सीधी रेल सेवा बहाल करने को लेकर पिछले दिनों किए गए आंदोलन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मारवाड़ी समाज एवं सम्मेलन के प्रयासों और आंदोलन के बाद जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो द्वारा टाटानगर से जयपुर तक सीधी रेल सेवा बहाल होने की घोषणा की गई थी।

इस संबंध में विधायक श्री सरयू राय ने सांसद विद्युत वरण महतो से दूरभाष पर बातचीत की। बातचीत के दौरान सांसद श्री विद्युत वरण महतो ने विधायक श्री सरयू राय एवं मारवाड़ी सम्मेलन के प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी कि टाटानगर से जयपुर तक सीधी रेल सेवा एक महीने के भीतर प्रारंभ होने की संभावना है। बोगी बनकर चक्रधरपुर पर खड़ी है, किंतु कुछ तकनीकी कारणों से देर हो रही है।  इस जानकारी पर प्रतिनिधिमंडल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जमशेदपुर एवं पूरे मारवाड़ी समाज के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

प्रतिनिधिमंडल में जिला महासचिव प्रदीप मिश्रा, संयुक्त महासचिव आकाश शाह, अंकुश जैनपुरिया, कोषाध्यक्ष विजय गोयल, सुशील रम रायका, लाला सिंघा, विमल अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।