BREAKING NEWS

logo

देवघर : सुरक्षा और सुगम जलार्पण को लेकर डीसी ने अहले सुबह किया मेला क्षेत्र का सघन निरीक्षण


सुरक्षा और सुगम जलार्पण को लेकर डीसी ने अहले सुबह किया मेला क्षेत्र का सघन निरीक्षण


अमित कुमार,
देवघर ब्यूरो प्रमुख

देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 के चौथे दिन रविवार, 02 अगस्त को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां ने अहले सुबह बाबा मंदिर प्रांगण और आसपास के रूटों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और बाधारहित जलार्पण की सुविधा देना है।

उपायुक्त ने बाबा मंदिर प्रांगण के साथ-साथ तिवारी चौक, शिवराम झा चौक, नेहरू पार्क, क्यू कॉम्प्लेक्स और बीएड कॉलेज रूट का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवरियों की कतार को लगातार गतिशील रखा जाए ताकि किसी चौक-चौराहे पर जाम या रुकावट की स्थिति न बने।
इसके बाद उपायुक्त बाबा मंदिर स्थित कंट्रोल रूम पहुंचे। बड़ी स्क्रीन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे मेला क्षेत्र, कांवरिया रूट और जलार्पण कतार की लाइव निगरानी की। तकनीकी कर्मियों को भीड़ दबाव और कतार की गति पर लगातार नजर रखने और जरूरत पड़ने पर तुरंत रिस्पांस टीम सक्रिय करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने बाबा मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को 24 घंटे अलर्ट रहने को कहा। जीवन रक्षक दवाओं, ऑक्सीजन सिलेंडर और आपातकालीन उपकरणों की उपलब्धता की भी जांच की।  

साथ ही सूचना सह सहायता केंद्र, मातृत्व विश्राम गृह, अमानत घर/क्लॉक रूम और पुलिस ओपी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मातृत्व विश्राम गृह में माताओं-शिशुओं के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखने और अमानत घरों में कांवरियों के सामान की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पुलिस ओपी में तैनात पदाधिकारियों को मुस्तैद रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को कहा।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रतिनियुक्त सभी अधिकारियों, दंडाधिकारियों और पुलिस जवानों को कहा कि श्रावणी मेला में ड्यूटी केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सेवा का पुनीत अवसर है। उन्होंने सभी को सेवा भाव के साथ श्रद्धालुओं का सहयोग करने का निर्देश दिया, ताकि देश-विदेश से आए शिवभक्त देवघर से अच्छी यादें लेकर लौटें।

इस दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित संबंधित अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।