भारी वर्षा एवं जलभराव की स्थिति में आपदा प्रबंधन एवं रेस्क्यू अभियान
जमशेदपुर, 18 अगस्त 2026:
शहर में लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण उत्पन्न जलभराव एवं संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) द्वारा व्यापक आपदा प्रबंधन एवं रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। नगर आयुक्त के निर्देशन में विभिन्न टीमों को संवेदनशील एवं जलजमाव वाले क्षेत्रों में तैनात कर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा रहा है।
भारी बारिश के दौरान निचले इलाकों, नदी एवं नालों के आसपास तथा जलजमाव वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। रेस्क्यू टीमों द्वारा आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, जल निकासी सुनिश्चित करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है।
नगर निकाय की टीमों द्वारा पंप सेट एवं डी-वॉटरिंग मशीनों के माध्यम से जलजमाव वाले स्थानों से पानी की निकासी की जा रही है। साथ ही, नालियों एवं मुख्य जल निकासी मार्गों में अवरोध को तत्काल हटाया जा रहा है, ताकि वर्षा जल का सुचारू प्रवाह सुनिश्चित हो सके।
आपात स्थिति से निपटने के लिए सफाई कर्मियों, सुपरवाइजरों, अभियंताओं, वाहन चालकों एवं रेस्क्यू टीमों को अलर्ट मोड में रखा गया है। प्रमुख जलजमाव वाले क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण एवं स्थिति की निगरानी की जा रही है।
नगर निकाय द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि भारी वर्षा के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, जलभराव वाले स्थानों एवं तेज बहाव वाले नालों से दूरी बनाए रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन एवं नगर निकाय की टीम को तत्काल सूचना दें। नागरिकों से यह भी अपील की गई है कि नालियों में कचरा न डालें, क्योंकि इससे जल निकासी बाधित होने की संभावना बढ़ जाती है।
नगर प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भारी वर्षा एवं संभावित बाढ़ की स्थिति में राहत, बचाव एवं जल निकासी कार्यों के लिए सभी आवश्यक संसाधनों को सक्रिय रखा गया है।






