BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

झमाझम बारिश के बीच कोल्हान विश्वविद्यालय में हुआ झंडोत्तोलन, कुलपति ने दिया जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश


चाईबासा, 15 अगस्त 2026: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा में झमाझम बारिश के बीच पूरे उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में झंडोत्तोलन समारोह आयोजित किया गया। माननीय कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। बारिश के बावजूद विश्वविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मी, विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस स्वयंसेवक समारोह में उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में माननीय कुलपति ने शिक्षकों और विद्यार्थियों से अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा विद्यार्थियों के ज्ञान और कौशल के विकास के साथ-साथ उनमें जिम्मेदारी, अनुशासन और समाज के प्रति संवेदनशीलता की भावना विकसित करने का माध्यम भी है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपील की।

कुलपति ने कोल्हान क्षेत्र की स्थानीय भाषाओं और संस्कृति के प्रति अपनी विशेष रुचि व्यक्त करते हुए कहा कि “यहाँ की भाषा भी मुझे बहुत भाती है और शायद अपना कार्यकाल पूरा होते-होते मैं इसे थोड़ा-बहुत सीख जाऊँगी।” उनके इस कथन पर उपस्थित लोगों के बीच विशेष उत्साह देखने को मिला।

उन्होंने कहा कि कोल्हान विश्वविद्यालय को उत्कृष्ट विश्वविद्यालय के रूप में विकसित करने के लिए वे अपने स्तर से हरसंभव प्रयास करेंगी। विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों के हित तथा समग्र विकास को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है।

उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने तथा स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर देश के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

बारिश के बीच आयोजित झंडोत्तोलन समारोह ने स्वतंत्रता दिवस के उत्साह को और भी विशेष बना दिया। उपस्थित शिक्षकों, कर्मियों और विद्यार्थियों ने वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ देश की एकता, अखंडता और प्रगति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

उपस्थित प्रमुख अतिथियों एवं पदाधिकारियों में डॉ. राजेंद्र भारती, डॉ. परशुराम सियाल, डॉ अमर कुमार, डॉ. प्रभात कुमार, डॉ संजीव आनंद, डॉ. मनमत नारायण सिंह, डॉ निवारण, डॉ. सुनीता कुमारी, डॉ. नितीश कुमार महतो, डॉ सरोंज कुमार कैबरसा, डॉ धर्मेंद्र रजक, डॉ विजय, डॉ प्रीति, डॉ संचिता भूसेन, डॉ लक्ष्मी अल्डा, प्रो. पूजा, डॉ. शोभित रंजन, डॉ. महेंद्र राणा, डॉ. तनुजा मोहंती, डॉ. रूबी रानी, NCC डॉ राजेंद्र ठाकुर, डॉ मयंक, डॉ विशाल दीप, डॉ महागुनि महाकुड़, डॉ मयंक प्रकाश, सीआरपीएफ-174 के एएसआई पन्ना लाल एवं  निश्चल कुमार सहित छात्र संघ से पीपुण बारीक, विश्वविद्यालय के अन्य शिक्षक, पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन NSS की डिरेक्टर डॉ. मीनाक्षी मुंडा, और प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. जया जैक्लिन तिर्की द्वारा किया गया।