कोयल नदी में करमा पूजा विसर्जन के दौरान डूबने से चार लोगों की मौत, एक बच्चे की तलाश जारी
उपायुक्त ने गहरा दुःख व्यक्त किया, शोक संतप्त परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बोकेया पतरिया गांव के समीप कोयल नदी में करमा पूजा विसर्जन के दौरान डूबने की दुःखद घटना में चार लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि एक बच्चे की तलाश जारी है।
मृतकों की पहचान नीतिश कुमार सिंह, उम्र 18 वर्ष, पिता– बाबूलाल सिंह; अमित कुमार ठाकुर, उम्र 22 वर्ष, पिता– पुरनी ठाकुर; राजा सिंह, उम्र 12 वर्ष, पिता– संजय सिंह तथा विशाल पासवान, उम्र 16 वर्ष, पिता– तिलकधारी पासवान के रूप में हुई है। वहीं हेमंत कुमार सिंह, उम्र 08 वर्ष, पिता– सुनील सिंह की तलाश जारी है। सभी बोकेया पतरिया गांव, चैनपुर थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
घटना पर उपायुक्त, पलामू श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है। उन्होंने कहा कि इस अत्यंत दुःख की घड़ी में जिला प्रशासन शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा है तथा उन्हें हरसंभव सहयोग एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उपायुक्त के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी, सदर श्री संजय कुमार पांडे ने शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की तथा परिवारों को जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग एवं सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
लापता बच्चे हेमंत कुमार सिंह की तलाश के लिए एनडीआरएफ टीम से संपर्क किया गया है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है तथा लापता बच्चे की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
उपायुक्त ने अंचल अधिकारी, चैनपुर को संबंधित शोक संतप्त परिवारों के घर जाकर उनकी स्थिति की जानकारी लेने तथा नियमानुसार आवश्यक सहायता यथाशीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
उपायुक्त ने अंचल अधिकारी, चैनपुर एवं जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी को निर्देशित किया है कि मृतकों के परिजनों को नियमानुसार आपदा प्रबंधन के तहत देय सहायता राशि उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए यथाशीघ्र फाइल अग्रसारित करें, ताकि पीड़ित परिवारों को सहायता राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई में अनावश्यक विलंब न हो।
जिला प्रशासन द्वारा घटना की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्य तथा लापता बच्चे की तलाश की लगातार निगरानी की जा रही है।
जिला प्रशासन, पलामू इस अत्यंत दुःखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करता है तथा शोक संतप्त परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ा है।





