BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

दुर्गा पूजा को ले जिला प्रशासन अलर्ट मोड में, मिलावटखोरों पर नकेल कसने के लिए चला जांच अभियान


देवघर: दुर्गा पूजा के मौके पर लोग बेफिक्र होकर त्योहार का आनंद लें और कोई बासी या मिलावटी खाना न खाए, इसे लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। उपायुक्त  के कड़े आदेश के बाद  खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मोहनपुर इलाके में धड़ाधड़ कई दुकानों और होटलों में छापेमारी की।जांच में मिला जहरीला रंग और मिलावट, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी शैलेश कुमार यादव और अंजलि विवा मिंज की अगुवाई में टीम सीधे मोहनपुर के बाजारों में उतरी। टीम ने होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों में जाकर सीधे बर्तनों और किचन की पड़ताल की। कई दुकानों में मिठाइयों और खाने की चीजों में मिलावटी स्टार्च और खतरनाक कृत्रिम रंग मिले। अधिकारियों ने मौके पर ही खाने-पीने की चीजों के लिगल सैंपल जांच के लिए जुटाए।

चौपा मोड़ के नामी दुकानों में मिला एक्सपायर्ड सामान

 कार्रवाई के दौरान मोहनपुर के चौपा मोड़ और आसपास की कई दुकानों में भारी लापरवाही सामने आई। माँ भगवती फैमिली रेस्टोरेंट, चौरसिया जनरल स्टोर, आनंद स्वीट्स, माँ भगवती मिष्ठान भंडार, शंकर मिष्ठान भंडार, राजू मिष्ठान भंडार, लक्ष्मण मिष्ठान भंडार और बैद्यनाथ फास्ट फूड जैसी जगहों पर एक्सपायरी डेट पार कर चुके सामान बेचे जा रहे थे। दुकानों से डेट फेल हो चुके सोया सॉस, चिली सॉस और स्प्राइट, फैंटा, थम्स-अप जैसी कोल्ड ड्रिंक्स बरामद की गईं।

दुकानदारों को सख्त चेतावनी, कहा- नियम तोड़ा तो खैर नहीं

 जांच टीम ने दुकानदारों को साफ लहजे में चेतावनी दी कि अपनी दुकानों से सारा एक्सपायर्ड और खराब माल तुरंत हटाएं और उसे नष्ट करें। साफ-सफाई और सही रख-रखाव नहीं रखने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खरीदने से पहले जरूर देखें एक्सपायरी डेट 

अधिकारियों ने  आम लोगों से भी अपील की  है कि बाजार से कोई भी खाने-पीने का सामान या कोल्ड ड्रिंक खरीदते समय पैकेट पर मैन्युफैक्चरिंग डेट और एक्सपायरी डेट जरूर जांच लें।