BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

रूपी सोरेन के निधन से झारखंड ने खोया अभिभावक: अशोक मंडल,


नेमरा पहुंचकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की मुलाकात, जताई गहरी संवेदना।
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता एवं झारखंड आंदोलन के महानायक स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन की धर्मपत्नी रूपी सोरेन के आकस्मिक निधन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के जामताड़ा जिला उपाध्यक्ष, सांसद प्रतिनिधि सह वरिष्ठ झामुमो नेता अशोक मंडल ने उनके पैतृक गांव नेमरा पहुंचकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल मुख्यमंत्री के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढाढ़स बंधाया। साथ ही दिवंगत रूपी सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
अशोक मंडल ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन और रूपी सोरेन के प्रति उनके मन में सदैव गहरा सम्मान, आत्मीयता और पारिवारिक लगाव रहा है। रूपी सोरेन से उन्हें मां के समान स्नेह, ममता और आशीर्वाद प्राप्त हुआ था। ऐसे में उनका निधन केवल एक परिवार की व्यक्तिगत क्षति नहीं, बल्कि उनके लिए भी गहरा भावनात्मक आघात है। उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन का निधन झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार सहित पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि एक वर्ष के भीतर माता-पिता दोनों का साया सिर से उठ जाना किसी भी व्यक्ति के जीवन की अत्यंत पीड़ादायक परिस्थिति है। माता-पिता का स्नेह और मार्गदर्शन जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होती है। विशेषकर मां की ममता, उसका आशीर्वाद और उसके सान्निध्य की कमी को कोई भी पूरा नहीं कर सकता। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिवार पर आए इस दुख की गहराई को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है।
अशोक मंडल ने कहा कि दुख की इस कठिन घड़ी में पूरा झारखंड मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य की जनता और झामुमो परिवार का स्नेह, सहयोग एवं एकजुटता इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करेगा।
अंत में उन्होंने दिवंगत रूपी सोरेन की आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।