रूपी सोरेन के निधन पर झामुमो कार्यकर्ताओं ने जताया शोक, श्रद्धांजलि सभा आयोजित
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोड्डा : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन के निधन पर गोड्डा में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया।
सोमवार को शहर के शुभदा विवाह भवन में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रेमनंदन मंडल ने किया। सभा में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।
इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रेमनंदन मंडल ने कहा कि रूपी सोरेन का निधन झारखंड और झामुमो परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन ने महाजनी प्रथा के खिलाफ संघर्ष के शुरुआती दौर से ही स्वर्गीय शिबू सोरेन का साथ दिया था। झारखंड अलग राज्य आंदोलन के कठिन समय में उनका योगदान, त्याग और समर्पण हमेशा याद किया जाएगा।
श्रद्धांजलि सभा में जिला सचिव बासुदेव सोरेन, केंद्रीय समिति सदस्य श्रवण मंडल, पुष्पेंद्र टुडू, राजेंद्र दास, सुनील मरांडी, विनोद मुर्मू और जिला कोषाध्यक्ष महेंद्र उरांव सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।






