BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की आमसभा 30 अगस्त को रांची में


 पूर्वी सिंहभूम जिले से 100 से अधिक सदस्यों का आम-सभा में भाग लेने का अनुमान

झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की वार्षिक आमसभा (AGM) आगामी 30 अगस्त 2026, रविवार को प्रातः 11 बजे मारवाड़ी भवन, द्वितीय तल हॉल, हरमू रोड, रांची में आयोजित की जाएगी। सम्मेलन के महामंत्री विनोद कुमार जैन द्वारा आमसभा की बैठक की सूचना जारी कर सभी सदस्यों से बैठक में उपस्थित होने का आग्रह किया गया है।

आमसभा में प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल द्वारा स्वागत के पश्चात महामंत्री का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। बैठक में पूर्व प्रांतीय पदाधिकारियों द्वारा एक प्राइवेट मारवाड़ी ट्रस्ट को गैरकानूनी तरीके से दिए गए 25 लाख रुपये वापस प्राप्त करने के संबंध में चर्चा एवं निर्णय भी लिया जाएगा।

इसके अलावा वर्ष 2025-26 के आय-व्यय का संक्षिप्त ब्यौरा, वर्ष 2026-27 के लिए अंकेक्षक की नियुक्ति तथा कार्यकारिणी द्वारा अनुमोदित संविधान संशोधन पर चर्चा एवं निर्णय लिया जाएगा। बैठक में सामाजिक आचार संहिता पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

आमसभा में सदस्यों से प्राप्त विभिन्न प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा तथा अध्यक्ष की अनुमति से अन्य विषयों पर भी चर्चा की जाएगी। सम्मेलन की ओर से कहा गया है कि बैठक में विचारार्थ प्रस्ताव महामंत्री के पास बैठक से कम से कम एक सप्ताह पूर्व भेजे जाएं। इसके बाद प्राप्त प्रस्तावों पर अध्यक्ष की अनुमति से ही विचार किया जाएगा।

झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन ने सभी संबंधित सदस्यों से निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होकर संगठन के महत्वपूर्ण विषयों पर अपने सुझाव एवं विचार रखने की अपील की है। पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन अध्यक्ष मुकेश मित्तल एवं महासचिव प्रदीप कुमार मिश्रा ने भी जिले के सदस्यों से अपील की है कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में आम-सभा में भाग लें। अनुमानित तौर पर पूर्वी सिंहभूम जिले से 100 से अधिक सदस्य आम-सभा में भाग लेंगें।