logo

Advertisement
Advertisement

पलामू-गढ़वा की सड़क परियोजनाओं को गति देने के लिए सांसद वीडी राम ने परिवहन मंत्रालय के सचिव से की मुलाकात


मेदिनीनगर: पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने 28 सितंबर को नई दिल्ली स्थित परिवहन भवन में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव वी. उमाशंकर से मुलाकात कर पलामू और गढ़वा जिले में सड़क एवं राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति देने की मांग की। बैठक में सांसद ने सड़क संपर्क को मजबूत करने, यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने तथा केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (CRIF) के तहत संचालित परियोजनाओं के लिए लंबित राशि शीघ्र जारी करने सहित कई मुद्दे उठाए।
सांसद ने लगभग 49 किलोमीटर लंबे गढ़वा-रामानुजगंज NH-343 खंड को झारखंड पथ निर्माण विभाग से NHAI के अधीन हस्तांतरित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इससे भविष्य में इस महत्वपूर्ण मार्ग को फोरलेन के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा सकेगा और झारखंड से छत्तीसगढ़ के बीच आवागमन सुगम होगा।
इसी तरह लगभग 22 किलोमीटर लंबे सीलीदाग-पड़वा मोड़ मिसिंग लिंक को NHAI के अधीन लाकर फोरलेन विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। सांसद के अनुसार इससे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क की निरंतरता और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।
ग्रीनफील्ड कॉरिडोर और सोन नदी पर नए पुल की DPR का प्रस्ताव
बैठक में सांसद ने गढ़वा-मझिआंव-कांडी-पंडुका ब्रिज तक ग्रीनफील्ड हाई-स्पीड कॉरिडोर की संभावनाओं का अध्ययन कर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कराने का प्रस्ताव दिया। इसके अलावा छतरपुर बाईपास-देवरी-जपला-सोन नदी तक ग्रीनफील्ड कॉरिडोर विकसित करने और देवरी कला के समीप सोन नदी पर नए पुल के निर्माण के लिए DPR तैयार करने का अनुरोध किया।
सांसद ने CRIF के तहत पलामू में चल रही महत्वपूर्ण परियोजनाओं की वित्तीय स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने मोहम्मदगंज-हैदरनगर (मोहम्मदगंज-दंगवार) सड़क के पुनर्निर्माण के लिए शेष राशि जारी करने की मांग की। लगभग 17.37 किलोमीटर लंबी इस परियोजना की स्वीकृत राशि करीब 117.92 करोड़ रुपये है।
वहीं कुट्टी मोड़ (चैनपुर)-हुटार सड़क के चौड़ीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्य को गति देने के लिए आवश्यक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया। लगभग 24.10 किलोमीटर लंबी इस सड़क परियोजना की स्वीकृत राशि करीब 119.64 करोड़ रुपये है।
इसके अलावा सिंगरा के निकट डालटनगंज-राजहरा रेलखंड पर रेलवे क्रॉसिंग EP No. 291/27 एवं 291/28 के बीच प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के लिए शेष राशि शीघ्र जारी करने का अनुरोध किया गया। इस परियोजना की स्वीकृत राशि करीब 101 करोड़ रुपये बताई गई है।
सांसद ने मंत्रालय से लंबित CRIF राशि एवं परियोजनाओं की वित्तीय जरूरतों की समीक्षा, वर्तमान वित्तीय वर्ष में आवश्यक राशि का आवंटन, भूमि अधिग्रहण एवं सिविल कार्यों से जुड़े लंबित भुगतानों में तेजी तथा परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आग्रह किया।
सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि प्रस्तावित सड़क एवं हाईवे परियोजनाओं के पूरा होने से पलामू और गढ़वा के साथ बिहार एवं छत्तीसगढ़ की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। सोन नदी के पार आवागमन बेहतर होने के साथ व्यापार, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि पलामू और गढ़वा में बेहतर सड़क एवं मजबूत राजमार्ग नेटवर्क उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए केंद्र सरकार के संबंधित मंत्रालयों एवं विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। बैठक में सचिव वी. उमाशंकर ने सांसद द्वारा उठाए गए विभिन्न मामलों पर सकारात्मक आश्वासन दिया।