एसआईआर मतदाता सूची को शुद्ध करने का अभियान है, एक भी वैध मतदाता वंचित नहीं होगा: सूर्या सिंह
हुसैनाबाद, पलामू:
भाजपा के युवा नेता सह हुसैनाबाद विधानसभा के बीएलए-1 सूर्या सिंह ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कुछ लोग अफवाह फैलाकर भ्रम पैदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एसआईआर चुनाव आयोग का मतदाता सूची को शुद्ध करने का अभियान है, इसमें किसी वैध नागरिक को वंचित करने का कोई इरादा नहीं है।
सूर्या सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी के बीएलए-2 सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सहायता में जुटे हैं। कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा फॉर्म-7 को लेकर जनता को गुमराह किया जा रहा है और कुछ गांवों में बीएलए-2 को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है, जो गलत है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान के तहत मृत, दो जगहों पर नाम दर्ज, स्थायी रूप से पलायन कर चुके और बिना वैध दस्तावेज वाले मतदाताओं के नाम हटाए जाने हैं। जो भारत का नागरिक है और 18 वर्ष या अधिक उम्र का है, उसका नाम किसी के आपत्ति करने से भी नहीं कटेगा, बशर्ते उसके पास वैध कागजात हों।
सूर्या सिंह ने 18 वर्ष पूरे कर चुके युवाओं से फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भ्रम फैलाने वालों की जांच कराकर उन पर कार्रवाई कराई जाएगी और सभी नागरिकों को बीएलओ व अधिकारियों का सहयोग करना चाहिए।
वहीं पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह ने कहा कि अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। एसआईआर का कार्य पूरी गोपनीयता और पारदर्शिता से किया जा रहा है। जिनके पास वैध दस्तावेज हैं, उनका नाम कोई नहीं काट सकता, लेकिन वोट का दुरुपयोग किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा।






