BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

चिन्मय विद्यालय की इंटर स्कूल नृत्य प्रतियोगिता में डीपीएस बोकारो ओवरऑल चैंपियन


बोकारो। चिन्मय विद्यालय बोकारो के ऑडिटोरियम हॉल में गुरुवार, 15 अक्टूबर को इंटर स्कूल क्रॉस कल्चरल नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बोकारो जिले के 13 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं पौराणिक विषयों पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। शानदार प्रदर्शन के आधार पर डीपीएस बोकारो को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के अध्यक्ष बिस्वरूप मुखोपाध्याय ने कहा कि नृत्य खुद में एक साधना है। इसकी शुरुआत शरीर से होती है और यह आत्मा तक पहुंचता है। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यालयों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद लॉटरी के माध्यम से प्रतिभागी विद्यालयों की प्रस्तुति का क्रम निर्धारित किया गया। इस अवसर पर बोकारो के विभिन्न विद्यालयों के निदेशक एवं प्राचार्य डॉ. आमिर हुसैन, डॉ. संजीव ठाकुर, एसके मिश्रा, बिपुल कुमार और अक्षत जैन सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। चिन्मय विद्यालय के कोषाध्यक्ष आरएन मलिक, प्रभारी प्राचार्य नरमेंद्र कुमार और उप प्राचार्य डॉ. रोशन शर्मा भी कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका कोलकाता से आईं नृत्य विशेषज्ञ अंकिता ताह, सुचेता सरकार और मल्लिका कार्जी ने निभाई।

प्रतियोगिता में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों, महिषासुर वध, शिव स्तुति, नागपाश कथा, श्रीकृष्ण लीला और भगवान विष्णु के अवतारों पर आधारित प्रस्तुतियां प्रमुख आकर्षण रहीं। विद्यार्थियों ने अपनी भावपूर्ण अभिव्यक्ति, आकर्षक वेशभूषा और शानदार तालमेल से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। निर्णायक मंडली ने प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करते हुए प्रतिभागियों को उनकी कला की खूबियों के साथ सुधार के आवश्यक पहलुओं की जानकारी भी दी।

पुरस्कारों की श्रेणी में चिन्मय विद्यालय बोकारो को बेस्ट कॉस्ट्यूम, क्रिसेंट पब्लिक स्कूल को ग्रेस एंड पोइज, जीजीपीएस बोकारो को प्रोप मास्टर, एआरएस पब्लिक स्कूल और डॉ. राजेंद्र प्रसाद पब्लिक स्कूल को बेस्ट कोरियोग्राफर अवार्ड मिला। आदर्श विद्या मंदिर चास को सिंक्रोनाइजेशन एंड स्टाइल, डीपीएस चास को बीट ड्रॉपर्स, डीएवी सेक्टर-4 को विजुअल एंड सिम्फनी, एमजेएम पब्लिक स्कूल को ट्रेंडसेटर, रेनबो पब्लिक स्कूल को रिदम एंड रेजोनेंस, मिथिला एकेडमी पब्लिक स्कूल को अल्टीमेट सिनर्जी तथा सरदार पटेल पब्लिक स्कूल को बेस्ट क्रिएटिविटी अवार्ड प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के अंत में उप प्राचार्य डॉ. रोशन शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाली सोनाली गुप्ता, सुप्रिया चौधरी सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों के प्रति आभार जताया। वहीं, मंच संचालन करने वाले स्टूडेंट काउंसिल के अनिकेत राज और वैष्णवी के प्रयासों की भी सराहना की गई। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को विभिन्न संस्कृतियों, भारतीय परंपराओं और नृत्य कला के माध्यम से अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया।