त्योहारों को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन जांच अभियान, 12 किलो जलेबी नष्ट
बोकारो। त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने और लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बोकारो जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। उपायुक्त एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गुलाब लकड़ा, पूजा कुमारी और एमए आलम की टीम ने जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों तथा पूजा पंडालों के आसपास स्थित 28 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अखाद्य रंग से तैयार करीब 12 किलोग्राम जलेबी नष्ट कराई गई। वहीं, रसगुल्ला और पनीर के नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, रांची भेजे गए। इसके अलावा भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के पंजीकरण या लाइसेंस के बिना कारोबार करने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया।
अभिहित अधिकारी ने खाद्य कारोबारियों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करने, प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य पदार्थों में अखाद्य रंगों का इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आम लोगों से भी त्योहारों के दौरान खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और शुद्धता पर विशेष ध्यान देने की अपील की है। साथ ही, खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका होने पर संबंधित विभाग को सूचना देने का आग्रह किया है।






