BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

बम विस्फोट की अफवाह से स्कूल में मचा हड़कंप


कसमार (बोकारो)। कसमार स्थित पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय में गुरुवार को तेज धमाके की आवाज से हड़कंप मच गया। धमाके के बाद विद्यालय परिसर में बम विस्फोट की अफवाह फैल गई, जिससे छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में बम विस्फोट की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस के अनुसार, एक छात्र घर से शक्तिशाली हाइड्रो पटाखा लाया था और उसे बालक शौचालय में फोड़ दिया था। इसी कारण तेज धमाके की आवाज हुई। जांच के दौरान पुलिस ने छात्रों के पास से 31 मोबाइल फोन बरामद किए। थाना प्रभारी ने सभी मोबाइल विद्यालय के प्रधानाध्यापक फारुख अंसारी को सौंपते हुए निर्देश दिया कि संबंधित अभिभावकों को विद्यालय बुलाकर बातचीत की जाए तथा लिखित आवेदन लेने के बाद ही मोबाइल वापस किए जाएं। प्रधानाध्यापक फारुख अंसारी ने कहा कि विद्यालय में अनुशासन बनाए रखना और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रबंधन की प्राथमिकता है। मोबाइल फोन अभिभावकों से बातचीत और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही लौटाए जाएंगे। घटना के बाद थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने विद्यालय परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को यातायात सुरक्षा, नशामुक्ति, अनुशासन, महिलाओं से संबंधित अपराधों तथा आपातकालीन सहायता सेवा डायल 112 के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को शरारत से बचने, सुरक्षा नियमों का पालन करने और आपात स्थिति में जिम्मेदारी से काम लेने की सलाह दी। विद्यालय परिसर में पटाखा फोड़ने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और छात्रों की गतिविधियों पर निगरानी को लेकर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, प्रारंभिक जांच में बम विस्फोट की पुष्टि नहीं होने से राहत मिली है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विद्यालय प्रबंधन को सुरक्षा और अनुशासन के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है।