BREAKING NEWS

logo

बेरमो में कोयले के विवाद में गर्भवती महिला की पीट-पीटकर हत्या, 6 आरोपी गिरफ्तार


कोलियरी में कोयले की खातिर कर दी गई एक महिला की हत्या..एक दलित गर्भवती को दलितों ने ही पीट-पीटकर मार डाला

अलका मिश्रा

क्या है मामला
      मृतका अनीता देवी के पति महेश भुँइया के बयान के अनुसार बेरमो थानाक्षेत्र के पाँच नंबर धौड़ा स्थित अमलो रेलवे साइडिंग में उसकी पत्नी(4 माह की गर्भवती) शुक्रवार की रात जलावन के लिए कोयला चुनने गई थीं, इसी दौरान कोयला माफिया संतोष साव के इशारे पर उसके गुर्गों द्वारा पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई।घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र मे भारी बवाल हो गया।शनिवार की सुबह से ही आक्रोशित परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने महिला के शव को पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक के समीप सड़क पर रखकर जाम कर दिया जिस कारण फुसरो-डुमरी मुख्य मार्ग पुरी तरह बाधित हो गया।

मामले ने लिया राजनीतिक रंग
धनबाद सांसद ढ़ुल्लू महतो व डुमरी विधायक जयराम महतो ने घटनास्थल पर पहूँच कर अपना-अपना मोर्चा सँभाल लिया।
जयराम महतो ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरी जानकारी ली और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
ढुल्लू महतो ने बेरमो विधायक को निशाना बनाते हुए कहा कि एक दलित गरीब व गर्भवती महिला की हत्या कोयला चोरों ने कर दी और पुलिस कुछ भी नहीं कर रही है।जनता सड़क उतर गई है और बेरमो के गरीबों के मसीहा,मजदूरों के मसीहा नदारद हैं..आखिर क्यों ? आखिर किसके दबाव में देर रात के अंधेरे में पोस्टमार्टम कराया गया? पोस्टमार्टम को दुबारा कराया जाए।साथ ही, कहा कि कोयले के विवाद में हुई इस हत्या और धनबाद में हुई हत्या की सीबीआई जाँच कराई जाए।आगे उन्होंने इस हत्या के विरोध में और आरोपियों की गिरफ्तारी की माँग को लेकर 31मई को बोकारो बंद रखने का ऐलान किया।
सांसद ढ़ुल्लू महतो ने ललकारते हुए कहा कि  वक्त रहते बेरमो की जनता जाग जाए और इस सब के पीछे खड़े सबसे बड़े खिलाड़ी को पहचान ले। नहीं तो ऐसी हत्याएँ होती रहेंगी और निर्दोष लोग झूठे केस में जेल जाते रहेंगे।

आखिरकार पुलिस ने लिया एक्शन: 6 आरोपी गिरफ्तार, सुबह 4 बजे हटा सड़क जाम; बोकारो बंदी स्थगित

देर रात बेरमो पुलिस ने बेरमो थाना कांड संख्या 63/26 दिनांक 30/05/2026 दर्ज कर कांड में शामिल बबलू कुमार, सुरेंद्र भुइया,  बीरेन्द्र कुमार भारती, राहुल दीगार, राजेश भुइया धीरेन भुइया अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जिसके बाद फुसरो-डुमरी मुख्य मार्ग के पंडित दीनदयाल चौक से सुबह लगभग 4 बजे हटा जाम और फुसरो डुमरी मुख्य मार्ग में आवागमन शुरू हुआ।प्राप्त सूचना के अनुसार शेष अपराधी फरार चल रहे है जिसको लेकर पुलिस छापेमारी कर रही है।

मुख्य आरोपी व कोयला माफिया संतोष साव पुलिस की पहूँच से बाहर
जैसा की मृतका के पति महेश ने थाना को दिए आवेदन में लिखा है की यह हत्या कोयला माफिया संतोष साव के इशारे पर उसके गुर्गों द्वारा की गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार संतोष साव नाम का कोयला तस्कर बेरमो कोलियरी क्षेत्र में कुख्यात है तो स्वाभाविक है कि प्रशासनिक सुचना तंत्र को भी उसकी जानकारी होगी ही। फिर भी उसके गिरोह की कोयला तस्करी बेखौफ और बेधडल्ले चलती है।अब देखना है कि इस आपराधिक वारदात में नामजद होने के बाद इसपर अंकुश लगता है नहीं।

चर्चे में रहा बेरमो विधायक व गिरीडीह सांसद की गैरमौजूदगी और डुमरी विधायक व धनबाद सांसद की सक्रियता
     बहरहाल,इस पुरे जनांदोलन में जहाँ बेरमो विधायक व गिरीडीह सांसद की अनुपस्थिति लोगों को खली वहीं डुमरी विधायक व धनबाद सांसद की सक्रियता जबरदस्त चर्चे में रही।
 गिरीडीह सांसद ने तो क्षेत्र में स्वयं ना आकर अपने फेसबुक एकाउंट पर अपनी राजनीतिक भड़ास निकाल ली लेकिन ना तो बेरमो विधायक का और ना ही धनबाद संसदीय क्षेत्र की पूर्व उम्मीदवार व बेरमो विधायक की धर्मपत्नी का कोई बयान समाचार लिखे जाने तक सोशल साईट पर दिखा जबकि इन दोनों को अपनी-अपनी सामाजिक गतिविधियों को लेकर सोशल साइट्स पर काफी सक्रिय देखा जाता है।
       सारांश में,अबतक झारखंड की आपराधिक राजधानी के रुप में कुख्यात धनबाद जिले से बोकारो जिले की प्रतिस्पर्धा अब तेजी से बढ़ती दिख रही है।