निशा भगत की मौत के विरोध में प्रतापपुर में भाजपाइयों ने फूंका मुख्यमंत्री का पुतला
प्रतापपुर (चतरा)। झारखंड की युवा नेत्री निशा भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के विरोध में प्रतापपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की।
प्रदर्शन में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि निशा भगत की असामयिक मौत कई गंभीर सवाल खड़े करती है। घटना के सभी पहलुओं की गहराई से जांच होनी चाहिए, ताकि मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकें और परिजनों को न्याय मिल सके।भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मामले को लेकर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने मांग की कि जांच किसी दबाव या पक्षपात के बिना कराई जाए और मामले की जिम्मेदारी तय की जाए।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि जांच में किसी की आपराधिक संलिप्तता या लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सरकार से मामले की सीबीआई जांच कराने और सच्चाई सार्वजनिक करने की मांग की।भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि निशा भगत को न्याय दिलाने और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर उनका आंदोलन जारी रहेगा।






