• 70 हजार भक्तों ने किया जलाभिषेक
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
दुमका : राजकीय श्रावणी मेला मेला-2026 के अंतिम दिन सह श्रावणी पूर्णिमा पर शुक्रवार को 70 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा बासुकीनाथ मंदिर में स्पर्श पूजन कर जलाभिषेक किया। श्रावणी पूर्णिमा को लेकर बासुकीनाथ में देर शाम तक भक्तों का एक समान तांता लगा रहा। श्रावणी पूर्णिमा पर पूजा करने के लिए गुरुवार की रात्रि से ही कांवरियों की भीड़ लगनी शुरू हो गई। सुबह कांवरियों की कतार शिवगंगा घाट तक पहुंच गई। बासुकीनाथ मंदिर के कपाट खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक करना प्रारंभ किया। भक्तों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वरीय पदाधिकारी से लेकर कनीय तक अपनी अपनी ड्यूटी में मुस्तैद दिखे।शुक्रवार को दोपहर दो बजे के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ में थोड़ी कमी देखी गई। कांवरियों की कतार संस्कार मंडप, फलाहारी धर्मशाला, क्यू कंपलेक्स के रास्ते शिवगंगा तट तक लगी रही।
देर शाम तक करीब 70 हजार भक्तों ने जलाभिषेक किया। इसमें कतारबद्ध होकर 58 हजार भक्तों ने जबकि जलार्पण काउंटर के माध्यम से 12 हजार भक्तों ने जलाभिषेक किया।







