मधुपुर में किशोरियों ने पंचायत संवाद में उठाई शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पेयजल एवं सड़क की समस्याएं
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
मधुपुर (देवघर) : चेतना विकास द्वारा किसलय परियोजना के तहत पथलजोर पंचायत भवन में पंचायत संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में किशोरियों, यूथ, मुखिया, ग्राम प्रधान, माझी हड़ाम सहित समुदाय के लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में कुल 37 प्रतिभागियों ने भाग लिया।संवाद के दौरान किशोरियों ने अपने गांव एवं पंचायत से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को जनप्रतिनिधियों एवं समुदाय के समक्ष प्रमुखता से रखी।
किशोरियों ने कहा कि आंगनबाड़ी न खुलना एवं केंद्रों में नियमित टीकाकरण नहीं होने तथा जच्चा-बच्चा कार्ड उपलब्ध नहीं होने से गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में कठिनाई होती है।शिक्षा के क्षेत्र में किशोरियों ने स्कूल में चहारदीवारी का अभाव, शिक्षकों का बच्चों को पढ़ने को लेकर उदासीनता तथा मध्याह्न भोजन में अनियमितता जैसे मुद्दों को उठाया। इसके साथ ही पत्थलजोर गांव में क्षेत्र में पीने के पानी की समस्या को भी गंभीरता से रखते हुए इसके स्थायी समाधान की मांग की गई।कार्यक्रम में किशोरियों ने कहा कि पंचायत के विकास से जुड़े मुद्दों पर बच्चों एवं किशोरियों की आवाज को भी पंचायत स्तर पर सुना जाना चाहिए, ताकि उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं एवं सेवाओं में सुधार हो सके।मुखिया, ग्राम प्रधान, माझी हड़ाम एवं समुदाय के सदस्यों ने किशोरियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आपसी समन्वय एवं पंचायत स्तर पर पहल करने की बात कही।कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों एवं युवाओं को अपने अधिकारों, आवश्यकताओं एवं पंचायत की विकास प्रक्रिया से जोड़ना तथा समुदाय और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में हिमानी वर्मा, विवेक सिंह उमेश प्रसाद यादव एवं विपुल प्रसाद गुप्ता की भूमिका रही ।






