गोड्डा में आंगनबाड़ी सेविका चुनाव बना खूनी जंग, अपने ही रिश्तेदार को सरेआम गोलियों से भूना, आरोपी फ़रार
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोड्डा : जिले में मोतिया में आंगनबाड़ी सेविका के चुनाव का विवाद अब खूनी संघर्ष में बदल गया है। रिश्तों को तार-तार करते हुए एक युवक ने अपने ही रिश्तेदार को गोलियों से छलनी कर दिया।
इस घटना को जिले के मोतिया ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत फुटानी चौक पर आज (रविवार, 13 सितंबर) देर शाम करीब 08 बजे अंजाम दिया गया।
अचानक गोली चलने की इस वारदात से पूरे इलाके में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार अमलो पंचायत निवासी अनिल मंडल (48 वर्ष) रोज की तरह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे टुनटुन मंडल के घर के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे आरोपी संतोष मंडल ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने एक के बाद एक 03 गोलियां अनिल मंडल के शरीर में उतार दीं और मौके से फ़रार हो गया। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग दहशत में आ गए।
खून से लथपथ अनिल मंडल जमीन पर गिर पड़े। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें उठाकर गोड्डा सदर अस्पताल लेकर भागे। जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत को बेहद नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत भागलपुर रेफ़र कर दिया।
चिकित्सकों के अनुसार घायल अनिल मंडल की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
सूत्रों की मानें तो अनिल और आरोपी संतोष मंडल आपस में रिश्तेदार हैं, और दोनों के बीच आंगनबाड़ी सेविका के चुनाव को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। चुनावी रंजिश इतनी बढ़ गई कि बात जान लेने तक पहुंच गई। इसी पुरानी रंजिश में आज इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मोतिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है। हालांकि आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है और फरार बताया जा रहा है।
देर शाम बाजार चौक पर हुई इस गोलीकांड ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






