ब्लैक स्पॉट पर फिर हादसा,जरगड़ी पुलिया पर ईंट लदा ट्रैक्टर पलटा, 02 घायल
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
पालोजोरी (देवघर) : पालोजोरी-जामताड़ा मुख्य मार्ग पर बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे बड़ा हादसा हो गया। थाना क्षेत्र के जरगड़ी पुलिया के बीचोंबीच ईंट लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें चालक सहित 02 लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार दुमका जिले का एक ट्रैक्टर ईंट लेकर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार हाईवा के अचानक सामने आ जाने से चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर पुलिया के बीच में ही पलट गया। ट्रैक्टर पलटते ही उस पर लदी ईंटें सड़क पर बिखर गईं, जिससे मुख्य मार्ग पर कुछ देर के लिए आवागमन बाधित हो गया।
हादसे की सूचना पर स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पालोजोरी थाना को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, घायलों को अस्पताल भेजा और जेसीबी की मदद से पुलिया पर बिखरी ईंटों को हटवाकर यातायात सुचारू करवाया।
*घायलों की पहचान :-*
1. महेश लाल (24 वर्ष), पिता हलसु लायक, ग्राम कोल्हाड़िया, थाना जामा
2. आनंदी लायक (19 वर्ष), पिता परशुराम लायक, ग्राम कोल्हाड़िया के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पालोजोरी से करीब 10 किमी दूर स्थित जरगड़ी पुलिया ब्लैक स्पॉट के रूप में कुख्यात है। यह पुलिया संकीर्ण है और दोनों ओर से ढलान पर स्थित होने के कारण यहां अक्सर चालक नियंत्रण खो बैठते हैं। आए दिन यहां दुर्घटनाएं होती हैं और पहले भी जानमाल का नुकसान हो चुका है।
ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया के दोनों तरफ डबल सड़क है, लेकिन पुलिया खुद सिंगल लेन की है, जिससे हादसे का खतरा और बढ़ जाता है। इसको लेकर कई बार PWD विभाग का ध्यान दिलाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने मांग की है कि संकीर्ण पुलिया की जगह नए, चौड़े और उच्च स्तरीय पुल का निर्माण किया जाए ताकि भविष्य में होने वाले हादसों पर रोक लग सके।


.jpg)


