BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

गोड्डा के पथरगामा में आवाज से आगाज तक कार्यशाला आयोजित, 70 महिलाओं ने लिया भाग


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

गोड्डा : जिले के पथरगामा प्रखंड में महिलाओं को अपनी समस्याओं के प्रति जागरूक करने और समाधान के लिए स्वयं पहल करने के उद्देश्य से जीभीटी एवं बीआरएलएफ के सहयोग से 'आवाज से आगाज तक' विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से कुल 70 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को अपनी समस्याओं को स्वयं पहचानने, उनके समाधान के लिए पहल करने और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभागों से सहयोग लेने के लिए सशक्त बनाना था। महिलाओं को अपनी बात प्रभावी ढंग से संबंधित मंच तक पहुंचाने और समाधान होने तक लगातार अनुश्रवण करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यशाला में आगामी ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) की प्रक्रिया में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया। महिलाओं से कहा गया कि वे अपनी पंचायत की आवश्यकताओं और समस्याओं को चिह्नित कर पंचायत स्तर पर मजबूती से रखें, ताकि विकास योजनाओं में उनकी जरूरतों को प्राथमिकता मिल सके।

इस दौरान महिलाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और अपनी आवाज को उचित मंच तक पहुंचाने को लेकर चर्चा की गई। प्रतिभागियों को समस्याओं के समाधान के लिए स्वयं पहल करने और नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यशाला में पिपरा एवं कस्तूरिया पंचायत की मुखिया, बीआरएलएफ एवं जीभीटी के रीजनल कोऑर्डिनेटर बादल महाराणा, टीम लीडर जयंत कुमार, जेंडर इंटीग्रेटर राकेश गोस्वामी, मुन्ना कुमार, सावित्री कश्यप, जीआरपी चांदमुनी देवी, ममता देवी, हीना देवी सहित काफी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं।