BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

पालोजोरी में बीपीओ ने 04 स्कूलों का किया निरीक्षण, बच्चों की कम उपस्थिति पर जताई नाराजगी


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

पालोजोरी (देवघर) : प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी नारायण मंडल ने बुधवार को प्रखंड के कई स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ संकुल साधन सेवी नितिन राय भी मौजूद थे।

निरीक्षण के दौरान बीपीओ ने उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय जरिडीह, उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय सोखा, उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय खरको और उत्क्रमित उच्च विद्यालय बलियापुर का जायजा लिया।

निरीक्षण में बच्चों की उपस्थिति कम पाए जाने पर बीपीओ ने नाराजगी जताई और इसमें सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर मौजूद शिक्षकों से कहा कि अभिभावकों से सीधा संपर्क कर बच्चों की उपस्थिति बढ़ाई जाए। विद्यालय प्रबंधन समिति के साथ बैठक कर यह सुनिश्चित किया जाए कि बच्चों की हाजिरी 80 से 90 प्रतिशत से कम न हो और सभी बच्चे नियमित रूप से स्कूल आएं।

बीपीओ ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, शौचालय, वर्ग कक्ष और किचन रूम का भी निरीक्षण किया और आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर रोजाना स्कूल ड्रेस में तैयार होकर आने के लिए प्रेरित किया। शिक्षकों को समय पर स्कूल आने और ऑनलाइन हाजिरी दर्ज करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने 'सीटी बजाओ, स्कूल बुलाओ' कार्यक्रम के नियमित आयोजन और बैगलेस डे के अनुपालन पर जोर दिया। साथ ही निर्देश दिया कि लगातार तीन दिन या उससे अधिक अनुपस्थित रहने वाले बच्चों की सूची बनाकर बीआरसी को भेजी जाए।

निरीक्षण के दौरान सभी स्कूलों में मध्याह्न भोजन (MDM) सुचारू रूप से संचालित पाया गया। मौके पर कुमकुम यादव, सुदामा चंद्र दत्त, सुभाष चंद्र यादव, इस्राइल अंसारी, हाशिम अंसारी, पवन कुमार राय, सर्वेश्वर सोरेन सहित अन्य शिक्षक मौजूद थे।

बीपीओ ने बताया कि निरीक्षण की पूरी रिपोर्ट बीईईओ को सौंपी जाएगी।