BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

देवघर में डीसी ने लगाया जनता दरबार


• 'ऑन द स्पॉट' हुआ कई समस्याओं का समाधान

रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : जिले वासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर मंगलवार, 08 सितंबर को समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया।

जनता दरबार में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। लोगों ने मुख्य रूप से भू-अर्जन व मुआवजा भुगतान, झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, वृद्धा पेंशन, पीएम आवास, बिजली बिल, अनुकंपा नियुक्ति, शिक्षा और अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतें रखीं।

उपायुक्त ने बारी-बारी से सभी फरियादियों की बात सुनी और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। राशन कार्ड में नाम जोड़ने, मंईयां सम्मान योजना, पेंशन और राजस्व से जुड़े कई आवेदनों का ऑन द स्पॉट निष्पादन संबंधित विभागों द्वारा किया गया, जिससे लोगों में खुशी देखी गई।

जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने कई मामलों में जांच के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का भौतिक सत्यापन कर एक सप्ताह के भीतर प्रतिवेदन उपायुक्त कार्यालय को समर्पित करें, ताकि निष्पादन की निगरानी की जा सके।

उपायुक्त ने जिले के सभी अंचलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि दाखिल-ख़ारिज और पर्चा वितरण से संबंधित लंबित मामलों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने कहा कि बिना ठोस कारण के किसी भी आवेदन को अस्वीकृत न किया जाए। यदि आवेदन में कोई त्रुटि है तो रैयतों से समन्वय स्थापित कर उसे दूर किया जाए। पर्चा से संबंधित जो मामले लंबित हैं, उन्हें भी जल्द से जल्द क्लियर किया जाए।

आम लोगों की सहूलियत को देखते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और आधार कार्ड से संबंधित विशेष कैंपों का आयोजन किया जाएगा, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ जनशिकायतों का निष्पादन करने का निर्देश दिया गया है।