BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

धनंजय सोनी ने पुराने सोना-चांदी की खरीद के लिए पूरे झारखंड में एक समान SOP लागू करने की मांग की


रांची:
झारखंड राज्य स्वर्णकार संघ के तत्वावधान में रविवार को धुरवा स्थित पुराने विधानसभा सभागार में राज्य के सभी 24 जिलों के पदाधिकारियों, केंद्रीय पदाधिकारियों एवं प्रदेश पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलरी व्यवसाय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में पलामू जिला स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष श्री धनंजय सोनी ने पलामू जिले की ओर से कई महत्वपूर्ण मांगें प्रदेश अध्यक्ष श्री दुर्गा प्रसाद जोरी जी के समक्ष प्रमुखता से रखीं।

धनंजय सोनी ने झारखंड में ज्वेलरी पार्क बनाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बिलासपुर में ज्वेलरी पार्क की व्यवस्था है, उसी तर्ज पर झारखंड की राजधानी रांची में भी ज्वेलरी पार्क एवं आधुनिक एग्जीबिशन सेंटर बनाया जाना चाहिए। इससे राज्य के ज्वेलरी कारोबारियों को अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाने, नए व्यापारिक संपर्क बनाने तथा अपने कारोबार को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए बेहतर मंच मिलेगा।

उन्होंने कहा कि ज्वेलरी पार्क रोजगार सृजन, निवेश और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।

पुराने सोना-चांदी की खरीद पर एक समान SOP की मांग

बैठक में पुराने सोना एवं चांदी की खरीद-बिक्री को लेकर व्यापारियों को हो रही परेशानियों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। धनंजय सोनी ने कहा कि वर्तमान में अलग-अलग जिलों एवं प्रखंडों में पुराने सोना-चांदी की खरीद को लेकर व्यापारियों को विभिन्न प्रकार की प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने मांग की कि पूरे झारखंड में पुराने सोना-चांदी की खरीद के लिए एक स्पष्ट, सरल और व्यवहारिक SOP निर्धारित की जाए।

उन्होंने सुझाव दिया कि राज्य स्वर्णकार संघ की पहल पर इस SOP को लेकर सभी जिलों के उपायुक्त (DC), पुलिस अधीक्षक (SP) एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश/नोटिफिकेशन जारी किया जाए, ताकि सभी जिलों में एक समान प्रक्रिया लागू हो।

उन्होंने कहा कि SOP में यह स्पष्ट होना चाहिए कि व्यापारी पुराने सोना-चांदी की खरीद के समय ग्राहक से कौन-कौन से दस्तावेज लें, किस प्रक्रिया का पालन करें और किन परिस्थितियों में खरीद की जा सकती है। इससे व्यापारियों और प्रशासन के बीच अनावश्यक भ्रम समाप्त होगा तथा छोटे एवं मध्यम दुकानदारों को राहत मिलेगी।

पलामू जिला की टीम रही मौजूद

बैठक में पलामू जिले की ओर से जिला अध्यक्ष श्री धनंजय सोनी, जिला महासचिव श्री अमित वर्मा, जिला उपाध्यक्ष श्री गुड्डू बर्मन जी, श्री हिमांशु कौशल सोनी जी, जिला सचिव श्री प्रदीप वर्मा, श्री धर्मेंद्र सोनी एवं जिला सलाहकार श्री शिव शंकर प्रसाद सोनी जी उपस्थित रहे।

पलामू जिला पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती के साथ-साथ जिले एवं पूरे झारखंड के स्वर्णकार एवं ज्वेलरी व्यवसायियों के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से राज्य स्तर पर उठाने की बात कही।

बैठक में उपस्थित विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों ने भी व्यापारियों की समस्याओं के समाधान, संगठन की मजबूती और स्वर्णकार समाज के हित में एकजुट होकर कार्य करने पर जोर दिया।

पलामू जिला स्वर्णकार संघ ने कहा कि स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलरी व्यवसायियों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को भविष्य में भी प्रदेश स्तर पर मजबूती से उठाया जाता रहेगा।