सत्य निकेतन हादसे में मौत का आंकड़ा सात पहुंचा, भाकपा ने जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की
मेदिनीनगर, पलामू :दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में जर्जर इमारत गिरने से हुई मौतों का आंकड़ा बढ़कर सात हो गया है। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि मलबे में अन्य लोगों के दबे होने की आशंका के बीच राहत एवं बचाव कार्य जारी है। घटना को लेकर पलामू भाकपा के जिला सचिव रुचिर कुमार तिवारी ने गहरी चिंता जताते हुए इसे गंभीर लापरवाही का परिणाम बताया है।
रुचिर कुमार तिवारी ने कहा कि 40-50 वर्ष पुरानी इमारत में पीजी हॉस्टल संचालित होना और बेसमेंट में पानी भरे होने के बावजूद मरम्मत का काम कराया जाना व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि यदि इमारत में निर्धारित मानकों का पालन नहीं हुआ और अवैध तरीके से निर्माण या अतिरिक्त मंजिलें बनाई गईं, तो इसकी जांच कर दोषियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
भाकपा जिला सचिव ने कहा कि राजधानी में अवैध निर्माण और जर्जर भवनों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई नहीं होने का खामियाजा आम लोगों को अपनी जान देकर भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने दिल्ली सरकार और संबंधित नगर निकाय से पुराने एवं खतरनाक भवनों का तत्काल सर्वे कराने, अवैध निर्माण पर रोक लगाने तथा हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही मृतकों के परिजनों और घायलों को उचित मुआवजा देने की भी मांग की।






