BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

पलामू में सड़क परियोजनाओं की रफ्तार बढ़ाने को सांसद विष्णु दयाल राम करेंगे समीक्षा, भूमि अधिग्रहण व वन स्वीकृति पर होगी चर्चा


मेदिनीनगर। पलामू संसदीय क्षेत्र में सड़क एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने और निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं के शीघ्र समाधान को लेकर सांसद पलामू विष्णु दयाल राम की अध्यक्षता में 8 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न 11:30 बजे समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में NHAI, राष्ट्रीय राजमार्ग (NH), केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (CRIF) तथा पथ निर्माण विभाग के तहत संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न सड़क परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा होगी।
बैठक में परियोजना-वार प्रगति, लंबित कार्यों तथा निर्माण में आ रही प्रशासनिक और तकनीकी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। विशेष रूप से भूमि अधिग्रहण, फॉरेस्ट क्लीयरेंस, अतिक्रमण हटाने, उपयोगिता सेवाओं के स्थानांतरण समेत अन्य लंबित मामलों की समीक्षा की जाएगी।
सांसद संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए बाधाओं को शीघ्र दूर करने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश देंगे। बैठक में उपायुक्त पलामू, उप विकास आयुक्त, वन प्रमंडल पदाधिकारी, NHAI के परियोजना निदेशक, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, संबंधित विभागों के पदाधिकारी और विभिन्न अंचलों के अंचलाधिकारी मौजूद रहेंगे।
सांसद की ओर से स्पष्ट किया गया है कि पलामू के समग्र विकास के लिए बेहतर सड़क संपर्क बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए स्वीकृत एवं निर्माणाधीन सड़क परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के लिए भूमि अधिग्रहण, वन स्वीकृति और अन्य लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। विकास कार्यों में अनावश्यक देरी को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
DLVMC Health की बैठक में स्वास्थ्य व्यवस्था की होगी समीक्षा, अस्पतालों से लेकर दवा-ऑक्सीजन तक पर रहेगा फोकस
सड़क परियोजनाओं की समीक्षा बैठक के बाद दोपहर 1:00 बजे सांसद विष्णु दयाल राम की अध्यक्षता में District Level Vigilance Monitoring Committee Health (DLVMC Health) की बैठक आयोजित होगी। इसमें पलामू जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था और केंद्र एवं राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
बैठक में सरकारी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता, नर्सिंग स्टाफ की तैनाती, दवाओं की खरीद एवं आपूर्ति, ऑक्सीजन व्यवस्था, रेफरल सेवाएं, एंबुलेंस, ब्लड बैंक और चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता की जानकारी ली जाएगी। इसके अलावा आउटसोर्स एजेंसियों की कार्यप्रणाली तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा होगी।
सांसद अधिकारियों से जिले में उपलब्ध स्वास्थ्य संसाधनों और योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।