BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

भाजपा ने शुरू की ‘25 वर्ष सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारी, बूथ से जिला स्तर तक होंगे 14 प्रकार के कार्यक्रम


17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, पीएम मोदी के सेवा-संकल्प और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
मेदिनीनगर। भारतीय जनता पार्टी के पलामू जिला कार्यालय, मेदिनीनगर में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयोजित होने वाले ‘25 वर्ष सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अभियान की रूपरेखा, कार्यक्रमों और संगठनात्मक तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रमंडलीय प्रभारी विकास प्रीतम ने कहा कि ‘25 वर्ष सेवा संकल्प अभियान’ संगठन की सेवा, समर्पण और जनकल्याण के संकल्प को और अधिक मजबूती प्रदान करने वाला अभियान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को और मजबूत बनाने की अपील की।
पलामू जिला प्रभारी शशि भूषण भगत ने कहा कि यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक चलाया जाएगा। उन्होंने अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी कार्यकर्ताओं के साथ साझा की और सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया।
पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं संकल्प के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देश और जनहित में किए गए कार्यों तथा उपलब्धियों को लेकर जन-जन तक पहुंचना ही अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले के भारत और वर्ष 2026 के भारत में व्यापक बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रधानमंत्री का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और इस लक्ष्य को पूरा करने में भाजपा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने कहा कि पूर्व में 17 सितंबर से 15 दिनों का पखवाड़ा अभियान चलाया जाता था, लेकिन इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा-संकल्प को समर्पित करते हुए एक महीने तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। पार्टी के निर्देशानुसार 14 प्रकार के विभिन्न कार्यक्रम गांव से लेकर शहर तक आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को पूरी सफलता के साथ संचालित करने की अपील की।
वरिष्ठ नेता श्याम नारायण दुबे ने कहा कि सेवा, समर्पण और संगठन के संकल्प के साथ भाजपा परिवार लगातार जनसेवा के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का आह्वान किया।
कार्यशाला का संचालन जिला महामंत्री अजय सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विजय ठाकुर ने किया।
कार्यक्रम में प्रेम सिंह, विपिन बिहारी सिंह, नरेंद्र पांडेय, विजयानंद पाठक, उदय शुक्ला, अजय तिवारी, विधायक शशि भूषण मेहता, संध्या सिंह, रूपा सिंह, लवली गुप्ता, रविंद्र सिंह, कामेश्वर कुशवाहा, प्रभात भुइयां, विजय ओझा, शिवकुमार मिश्रा, सुनील पासवान, बीपी शुक्ला, भीष्म चौरसिया, सोमेश सिंह, शुभम प्रसाद, श्वेताम गर्ग, ईश्वरी पांडेय, भोला पांडेय, सरवन गुप्ता, छोटू सिन्हा, राजेश सिंह, सुनील तिवारी, अनुज पांडेय, जितेंद्र तिवारी, विजय कुशवाहा, सतीश पासवान, विपुल गुप्ता, ज्योति पांडेय, विश्वजीत पाठक, मनीष पांडेय, संदीप गुप्ता, शैलेश सिंह, अजीत चंद्रवंशी, बैजनाथ प्रसाद, राकेश पांडेय, मनोज विश्वकर्मा, लूडू खान, सुजाता सिंह, रेनू देवी, मंजू देवी, दर्शनीया देवी, पुष्पा देवी, किरण अग्रवाल, मंजू अग्रवाल सहित जिला पदाधिकारीगण एवं सभी मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।