गोड्डा के परसपानी स्थित संजीवनी आजीविका संसाधन केंद्र का डीसी ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता पर दिया जोर
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोड्डा : जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने पथरगामा प्रखंड अंतर्गत परसपानी स्थित संजीवनी आजीविका संसाधन केंद्र का शनिवार को निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने केंद्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने सरसों तेल एवं आटा निर्माण की प्रक्रिया, कच्चा माल, मशीनरी, उत्पादन प्रक्रिया, तैयार उत्पादों और गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली।
उपायुक्त ने कहा कि स्थानीय स्तर पर तैयार खाद्य उत्पादों में गुणवत्ता, स्वच्छता और मानकों का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है, ताकि उपभोक्ताओं का विश्वास बना रहे और उत्पादों को व्यापक बाजार मिल सके। उन्होंने केंद्र की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय संसाधनों और मानव संसाधन के बेहतर उपयोग से रोजगार और स्वरोजगार के स्थायी अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे केंद्रों के माध्यम से स्थानीय युवाओं, महिलाओं और ग्रामीण परिवारों को प्रशिक्षण, उत्पादन और विपणन से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि की जा सकती है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्र की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाया जाए। स्थानीय उत्पादों की बेहतर पैकेजिंग, ब्रांडिंग और विपणन पर काम किया जाए, ताकि उन्हें उचित मूल्य मिल सके और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो।
उन्होंने कहा कि आजीविका संवर्धन के लिए केवल उत्पादन तक सीमित न रहते हुए गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और बाजार उपलब्धता पर समन्वित रूप से कार्य करने की आवश्यकता है।
इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी नीतेश कुमार गौतम, जेएसएलपीएस के डीपीएम सोमेश कुमार सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी और आजीविका केंद्र के प्रतिनिधि उपस्थित थे।






