• नगर प्रबंधक सतीश कुमार दास ने देवघर नगर थाना में दी तहरीर.
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
अमित कुमार
देवघर : सफाईकर्मियों की हड़ताल के बीच कचरा फेंककर विरोध जताने पर देवघर नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की है। नगर निगम के नगर प्रबंधक सतीश कुमार दास ने 13 जून 2026 को नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पत्रांक 1069 के तहत 07 नामजद और अज्ञात कर्मियों पर सरकारी कार्य में बाधा, सार्वजनिक उपद्रव, सरकारी संपत्ति को क्षति और स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित करने का आरोप लगाया गया है।
नगर निगम के पत्र के अनुसार देवघर के अध्यक्ष संजय मंडल द्वारा घोषित अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण 11, 12 और 13 जून 2026 को सफाईकर्मी काम पर नहीं आए। इस कारण शहर की सफाई MSWM एजेंसी के माध्यम से कराई जा रही थी।
13 जून को कुछ हड़ताली सफाईकर्मियों ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था को बाधित करने के लिए विभिन्न स्थानों पर लगे कम्युनिटी बिन से ठोस कचरा निकालकर सड़कों पर बिखेर दिया। इससे सार्वजनिक उपद्रव और गंदगी फैल गई। सूचना मिली कि MSWM एजेंसी द्वारा उठाए गए डिप्परों से कचरा निकालकर भी सड़कों पर फेंका गया।
निगम का कहना है कि इससे जनता को भारी असुविधा हुई, स्वार्ष्ण्य व्यवस्था प्रभावित हुई और डस्टबिन, डिप्पर, ट्रैक्टर समेत सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा। साथ ही नगर निगम द्वारा संचालित आवश्यक जनसेवा कार्य भी बाधित हुआ।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों की पहचान के आधार पर 7 लोगों को नामजद किया गया है:
1. संजय मंडल, पिता- स्व. कालू मंडल
2. किशन धपरा, पिता- राम खेलावन धपरा
3. चंदन कुमार, पिता- जितेनी धपरा
4. पप्पू मेहतर, पिता- स्व. रेखा मेहतर
5. संदीप कुमार, पिता- शंकरिया धपरा
6. मुखिया धपरा, पिता- रामदेव
7. प्रदीप मेहतर, पिता- स्व. सुकाल मेहतर
नगर प्रबंधक ने थाना प्रभारी से मांग की है कि नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ विधि-सम्मत धाराओं में केस दर्ज कर जांच और कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटना न दोहराए और शहर की स्वच्छता बनी रहे।
गौरतलब है कि हड़ताल के दौरान कचरा फेंकने की इस घटना की शहरवासियों ने पहले ही निंदा की थी और रविवार को महापौर रवि राउत ने खुद झाड़ू उठाकर सफाई की थी।






