"देवघर हमारी जिम्मेदारी": कचरा फैलाने पर भड़के महापौर, खुद झाड़ू लेकर उतरे सड़क पर
• देवघर की सुंदरता बचाने के लिए खुद उठाया कचरा:- महापौर.
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
अमित कुमार
देवघर : देवघर नगर निगम के सफाईकर्मियों की हड़ताल के बीच बाबा नगरी की सड़कों पर कचरे के ढेर लगने से महापौर रवि राउत ने कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को टॉवर चौक समेत मुख्य बाजारों में हड़ताली कर्मियों द्वारा कचरा फेंककर किए गए प्रदर्शन के बाद रविवार को देवघर महापौर खुद सड़क पर उतर गए और सफाई अभियान चलाया।
ज्ञात हो कि, देवघर नगर निगम के सफाईकर्मी अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। मांगें मनवाने के लिए कर्मियों ने शनिवार को टॉवर चौक और अन्य प्रमुख बाजारों में कचरा इधर-उधर फेंककर विरोध जताया था। इस कृत्य की नगरवासियों ने कड़ी निंदा की है। लोगों का कहना है कि अपनी बात रखने का यह तरीका बेहद गलत और शर्मनाक है।
कर्मियों की इस हरकत से आहत होकर महापौर रवि राउत रविवार सुबह झाड़ू लेकर सड़क पर आ गए। उन्होंने पार्षदों, युवा साथियों, प्रबुद्धजनों और निगम कर्मियों के साथ मिलकर बाजार में फैले कचरे को साफ किया। इस दौरान कई वार्ड पार्षद और उनके प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
महापौर ने कहा कि "देवघर नगर हमारा है और इसे सजाना-सवांरना हमारी जिम्मेदारी है। कुछ लोगों की कुंठित मानसिकता के कारण बाबा वैद्यनाथ की पवित्र नगरी की छवि धूमिल करने की कोशिश की गई। लेकिन यह शहर एकता, स्वच्छता और सुंदरता का प्रतीक है। बयान देने से कुछ नहीं होगा, साफ दिल और साफ नियत से ही पहचान बनती है"।
उन्होंने साफ किया कि शहर की साफ-सफाई और गरिमा से कोई खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। मेयर के इस कदम की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।





