राजकीय श्रावणी मेला 2026 सफलतापूर्वक संपन्न कराने पर एसपी को किया सम्मानित
राजकीय श्रावणी मेला-2026 सफलतापूर्वक संपन्न कराने पर एसपी को किया सम्मानित
अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 को शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए देवघर के पुलिस अधीक्षक 'प्रवीण पुष्कर' को तीर्थ पुरोहित समाज ने सम्मानित किया है।
शनिवार को अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पंडा धर्मरक्षिणी सभा के पूर्व अध्यक्ष विनोद दत्त द्वारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल देवघर एसपी कार्यालय पहुंचे और एसपी को अंगवस्त्र और माला पहनाकर सम्मानित किया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस वर्ष श्रावणी मेला में करीब 60 लाख से अधिक शिवभक्त देवघर पहुंचे थे। इतनी बड़ी भीड़ को नियंत्रित करना, कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और पूरे मेला क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती थी। एसपी 'प्रवीण पुष्कर' के कुशल नेतृत्व और उनकी पूरी टीम की मुस्तैदी से पूरा मेला बिना किसी बड़ी अप्रिय घटना के संपन्न हुआ।
तीर्थ पुरोहितों ने विशेष रूप से मंदिर के आसपास भीड़ प्रबंधन, रूट लाइन की व्यवस्था और श्रद्धालुओं के साथ पुलिस के विनम्र व्यवहार की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस और पंडा समाज के बीच बेहतर समन्वय के कारण ही श्रद्धालुओं को बाबा बैद्यनाथ का सुगम दर्शन हो सका।
सम्मान समारोह के दौरान अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा के राष्ट्रीय संगठन सचिव पन्ना लाल मिश्र, खीरालाल शृंगारी, प्रेम नाथ पांडे और मोहन ठाकुर मौजूद थे। सभी ने बाबा बैद्यनाथ से एसपी प्रवीण पुष्कर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह प्रशासन और तीर्थ पुरोहित समाज मिलकर देवघर के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कार्य करते रहेंगे।
इस अवसर पर एसपी प्रवीण पुष्कर ने सभी तीर्थ पुरोहितों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला-2026 की सफलता में पुलिस के साथ-साथ पंडा समाज, जिला प्रशासन, मंदिर प्रशासन और देवघर की जनता का भी बड़ा सहयोग रहा है। यह सम्मान पूरी पुलिस टीम का सम्मान है।






