देवघर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 47 प्रतिष्ठानों की जांच,
• 72.5 किलो मिलावटी खाद्य सामग्री नष्ट.
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सत्संग, शिक्षा सभा चौक, चाँदनी चौक, बैद्यनाथ लेन और सिंह द्वार क्षेत्र में सघन निरीक्षण अभियान चलाया।
बुधवार को चले इस अभियान में विभाग की टीम ने कुल 47 पेड़ा दुकानों, मिठाई दुकानों और भोजनालयों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान मानक के अनुरूप नहीं पाई गई खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया। कुल 72.5 किलो खाद्य सामग्री नष्ट की गई।
नष्ट की गई सामग्री:
- पेड़ा: 30.5 किलो
- दाल: 9 किलो
- सब्जी: 18 किलो
- चना-घुघनी: 10 किलो
- हल्दी: 1 किलो
- इस्तेमाल किया हुआ खाद्य तेल: 4 लीटर
खाद्य सुरक्षा टीम ने ऑन-स्पॉट जांच में 04 भोजनालयों में अखाद्य रंग* की मौजूदगी पाई, जिसके बाद उक्त सामग्री नष्ट कराई गई।
इन प्रतिष्ठानों की हुई जांच अभियान के दौरान सुभाष पेड़ा भंडार, शुभम पेड़ा भंडार, अन्नपूर्णा स्वीट्स, बैद्यनाथ पेड़ा भंडार, द फूड क्वेस्ट रेस्टोरेंट, शिव पेड़ा भंडार, बाबा बैद्यनाथ पेड़ा भंडार, दीपक साह भोजनालय, शिवम पेड़ा भंडार, प्रसादम भोजनालय, चन्दन पेड़ा भंडार, न्यू महावीर पेड़ा भंडार* सहित अन्य दुकानों की जांच की गई।
प्रथम दृष्टया मानक अनुरूप पाए गए पेड़ा के दो वैधानिक नमूने संग्रहित कर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया। विभाग ने स्पष्ट किया कि मिलावट और अखाद्य रंगों के प्रयोग के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख़्त कार्रवाई होगी।






