दुष्कर्म पीड़ित बच्ची के गांव पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी
• परिजनों से मिल कर दी सांत्वना
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
पालोजोरी (देवघर) : झारखंड के पहले मुख्यमंत्री सह वर्तमान विधानसभा में विरोधी दल के नेता बाबूलाल मरांडी गुरुवार की संध्या पालोजोरी प्रखंड के दुष्कर्म पीड़ित बच्ची के परिजनों से मिलने उनके गांव पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री के साथ सारठ के पूर्व विधायक रणधीर कुमार सिंह भी मौजूद थे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने पीड़ित बच्ची की मां से मिलकर उसे ढाढ़स दी और कहा कि दुख की इस घड़ी में वह उनके साथ हैं। उन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए सरकार से मांग की कि इस मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई हो व दोषी पर कड़ी से कड़ी सजा मुकर्रम हो। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की घटना सभ्य समाज के लिए एक कलंक की तरह है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि झारखंड की विधि व्यवस्था चरमरा गई है। विधि व्यवस्था इस कदर लुंज-पुंज है कि क्राइम करने वाले लोगों के मन से पुलिस-प्रशासन का भय खत्म हो गया है। उन्होंने सरकार को नसीहत दी कि विधि व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सरकार ठोस कदम उठाए। पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि 5 वर्ष की बच्ची के साथ इस तरह का कुकृत्य अपराध करना किसी विकृत मानसिकता वाले शख्स का ही काम हो सकता है। ऐसे व्यक्ति को आजीवन कारावास होना चाहिए ताकि वह कभी सलाखों के बाहर निकल न सके। अगर ऐसा व्यक्ति फिर से बाहर निकलेगा तो फिर से किसी तरह के बड़े घटना को अंजाम दे सकता है।






