BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

मधुपुर में गणेश उत्सव की धूम, गीतांजलि क्लब सहित विभिन्न पंडाल सजे, आकर्षक रोशनी से जगमगाया शहर


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

मधुपुर बाजार (देवघर) : मधुपुर में गणेश चतुर्थी को लेकर उत्सव का माहौल है। शहर के गांधी चौक स्थित पुरानी धर्मशाला में गीतांजलि क्लब द्वारा लगने वाली गणेश पूजा इस बार भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

क्लब के अध्यक्ष शंभू खंडेलवाल ने बताया कि गीतांजलि क्लब शहर की सबसे पुरानी पूजा समितियों में से एक है और बीते कई दशकों से यहां भव्य गणेश पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस बार पूजा के लिए भव्य और आकर्षक पंडाल का निर्माण पूरा कर लिया गया है। इस वर्ष पंडाल की थीम बंगाल के प्रसिद्ध तारकेश्वर धाम की संस्कृति पर आधारित है। कोलकाता से आए कुशल कलाकारों द्वारा हाथ से बनाई गई एक से बढ़कर एक कलाकृतियों से पंडाल को सजाया गया है। पूरे गांधी चौक को दूधिया रोशनी से जगमगाया गया है। क्लब का लक्ष्य श्रद्धालुओं को बेहतरीन पूजा दर्शन का अनुभव कराना है।

वहीं शहर के रामजस रोड में भी गणेश पूजा समिति द्वारा कई वर्षों से पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस बार भी यहां भव्य पंडाल बनाया गया है। पूरे पंडाल को थर्माकोल की आकर्षक डिजाइनों से सजाया जा रहा है और आसपास के पूरे क्षेत्र को रंग-बिरंगी लाइटों से दुल्हन की तरह सजाया गया है।

भेड़वा स्थित श्री श्री गणेश पूजा समिति में भी भगवान गणेश की विशेष पूजा-अर्चना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को गणेश चतुर्थी के अवसर पर विधिवत पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा। यह पूजा भी शहर में काफी लोकप्रिय है, जहां दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहता है। समिति द्वारा रात्रि में प्रसिद्ध भजन गायिका द्वारा भजन संध्या कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा।

इसके अलावा शहर के कॉलेज रोड, पथरचपट्टी रोड, चांदवारी सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर भी भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी पूजा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

गणेश उत्सव को लेकर पूरे मधुपुर शहर को आकर्षक लाइटों और झालरों से सजाया गया है। प्रमुख चौक-चौराहों पर रोशनी की चकाचौंध से पूरा शहर उत्सवमय नजर आ रहा है। भगवान गणेश के आगमन को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है और लोग पूजा की खरीदारी में जुटे हैं।