गोड्डा के जिला केंद्रीय पुस्तकालय का डीसी ने किया औचक निरीक्षण, सुविधाएं बढ़ाने का दिया निर्देश
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोड्डा : जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने हटिया चौक स्थित जिला केंद्रीय पुस्तकालय का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षा संचालन, पुस्तकों की उपलब्धता, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने पुस्तक संग्रह सभागार, पठन सभागार सहित सभी संसाधनों का अवलोकन किया और पुस्तकालय में अध्ययन करने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या की जानकारी ली।
उपायुक्त ने मौके पर मौजूद छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने उनकी तैयारियों के बारे में जाना, पुस्तकों की जरूरतों पर चर्चा की और आवश्यक सुझाव देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
निरीक्षण के क्रम में पुस्तकालय भवन के मरम्मत एवं रंग-रोगन, परिसर में नाला निर्माण, जाम और शोर-शराबे की समस्या से भी उपायुक्त को अवगत कराया गया। इस पर उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को कार्य योजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि पुस्तकालय में अध्ययन का बेहतर माहौल उपलब्ध कराया जाए ताकि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को सुविधा मिल सके।
मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।






