गोड्डा के खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी, 02 इंडोर स्टेडियमों के जीर्णोद्धार को 75.21 लाख की मंजूरी
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोड्डा : गोड्डा के खेल प्रेमियों और युवाओं के लिए अच्छी खबर है। पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव की पहल पर शहर के 02 इंडोर स्टेडियमों के जीर्णोद्धार के लिए सरकार ने 75 लाख 21 हजार 700 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है।
पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवाकार्य विभाग ने गांधी मैदान स्थित इंडोर स्टेडियम के लिए 40 लाख 19 हजार 300 रुपये और महिला कॉलेज स्थित इंडोर स्टेडियम के लिए 35 लाख 2 हजार 400 रुपये की स्वीकृति दी है। इस राशि से दोनों स्टेडियमों की फ्लोरिंग, छत, लाइटिंग, पेंटिंग और खिलाड़ियों की सुविधाओं का कायाकल्प किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ माह पूर्व विधायक प्रदीप यादव ने रांची में खेल सचिव मुकेश कुमार से मुलाकात कर गोड्डा के जर्जर पड़े इंडोर स्टेडियमों की मरम्मत का मुद्दा उठाया था। लगातार फॉलो-अप के बाद उपायुक्त द्वारा प्राक्कलन तैयार कर विभाग को भेजा गया, जिसके बाद अब स्वीकृति आदेश जारी हुआ है।
विधायक ने कहा कि महिला कॉलेज स्टेडियम के संवरने से जिले की महिला खिलाड़ियों को सुरक्षित और आधुनिक अभ्यास स्थल मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह तो सिर्फ शुरुआत है।
विधायक के अनुसार गोड्डा में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय स्तर के मल्टीकॉम्प्लेक्स स्पोर्ट्स स्टेडियम और परसौती स्टेडियम के विस्तार की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है। इसकी तकनीकी और कागजी प्रक्रिया पूरी होते ही शिलान्यास किया जाएगा।



.jpeg)


